रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी, ब्यूरो चीफ, झाबुआ (मप्र), NIT:

मेघनगर में दाऊदी बोहरा समाज रमज़ान के मुकद्दस महीने में इबादत और तिलावत में मशगूल है। समाज द्वारा हर्षोल्लास के साथ ईद का त्योहार 19 मार्च को मनाया जाएगा। यह जानकारी बोहरा समाज के अली असगर हसन भाई ईज्जी ने दी। उन्होंने बताया कि समाज के 30 रोज़े बुधवार को पूरे हो रहे हैं, जिसके बाद गुरुवार को ईद मनाई जाएगी।
बताया गया कि दाऊदी बोहरा समाज का पहला रोज़ा 17 फरवरी से शुरू हुआ था। समाज के धर्मगुरु सैयदना अली कदर मुफद्दल सैफुद्दीन साहब (त.उ.स.) की रज़ा मुबारक से मेघनगर में नमाज़ और अन्य धार्मिक खिदमत के लिए मुल्ला होजेफा भाई शेख शब्बीर भाई डूंगरपुर वाला (सूरत) पधारे हुए हैं। उनके द्वारा ही स्थानीय जेनी मस्जिद में ईद की नमाज़ अदा कराई जाएगी।
पूरे रमज़ान माह में मुल्ला होजेफा भाई शेख शब्बीर भाई डूंगरपुर वाला द्वारा मस्जिद में नमाज़ पढ़ाई जा रही है। साथ ही प्रतिदिन नमाज़ के साथ कुरआन खानी भी की जा रही है। रमज़ान के पवित्र महीने में समाज द्वारा बोहरा जमातखाने की भोजनशाला में 30 दिनों तक सामूहिक दावत (इफ्तार व भोजन) की व्यवस्था की गई है, जिसका संचालन समाज के लोगों द्वारा किया जा रहा है।
इस दौरान मुल्ला होजेफा भाई द्वारा बयान और तकरीर भी की जा रही है, जिसमें समाज को नेक और अच्छे कार्य करने की हिदायत दी जा रही है। वहीं इमाम हुसैन की शहादत की याद में रोजाना जोश के साथ मातम भी किया जा रहा है।
जाकेरिन की खिदमत मोहम्मद भाई लिमखेड़ावाला, अब्दुल तैय्यब और मोहम्मद झाबुआवाला द्वारा की जा रही है। रमज़ान की 19वीं तारीख को मौला अली की शहादत पर वाअज़ भी हुई। वहीं रमज़ान की 25वीं तारीख, शुक्रवार (जुम्मा) को थांदला आमिल साहब शेख जुज़र भाई खंबाती की सदारत में मेघनगर में मीसाक की मजलिस आयोजित की गई।
कार्यक्रम में थांदला से शेख असगर भाई पटवारी, ताहेर भाई पर्वतवाला और शब्बीर भाई नेवी भी शामिल हुए। जागरण की रात में आका मौला (त.उ.स.) की मिलाद मुबारक मनाकर खुशी जाहिर की गई और उनकी लंबी उम्र के लिए दुआ की गई।
जागरण की रात के बाद कई छोटे-छोटे मासूम बच्चों ने भी रोज़ा रखकर मिसाल पेश की। इनमें मुफद्दल चल्ला वाला, जुज़र इज्जी, रुक्कया चल्ला वाला और मुफद्दल सहित अन्य बच्चों ने रोज़ा रखकर सबका दिल जीत लिया।
रमज़ान के मुबारक महीने में समाज के सभी लोग नेक कार्यों में बढ़-चढ़कर सहयोग कर रहे हैं।

