रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी, ब्यूरो चीफ, झाबुआ (मप्र), NIT:

झाबुआ जिले के मेघनगर स्थित संत अर्नोल्ड चर्च में ख्रीस्त राजा का पर्व बड़े ही धूमधाम और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। चर्च में आयोजित पूजन विधि में मुख्य याजक फादर जोमोन जेम्स ने प्रभु येशु के जन्म से लेकर मृत्यु तक के जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि प्रभु येशु मानव से सेवा करवाने नहीं, बल्कि सेवा करने इस धरती पर अवतरित हुए थे। मानव जाति की मुक्ति हेतु किए गए उनके कार्यों से प्रेरणा लेकर सच्चा शिष्य बनने का आह्वान भी उन्होंने किया।

पूजन विधि के पश्चात कैथोलिक समाज के लोग जुलूस के रूप में जीवन ज्योति मार्ग से होते हुए प्रगति संस्था, चंद्रशेखर आजाद कॉलोनी, सहारा कॉलोनी से गुजरते हुए पुनः चर्च परिसर में एकत्रित हुए। यहां अंतिम पूजा और आशीर्वाद के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरे आयोजन में उत्साह व श्रद्धा का विशेष वातावरण नजर आया।

