मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

रेलवे संघर्ष समिति बुरहानपुर ने जयपुर हैदराबाद एक्सप्रेस 12719/12720 ट्रेन के बुरहानपुर में स्टॉपेज (हाल्ट) मिलने पर हर्ष व्यक्त करते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, प्रधानमंत्री, सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल सहित रेलवे विभाग के विभिन्न अधिकारियों का आभार व्यक्त किया है। उल्लेखनीय है कि उक्त ट्रेन ऐसी एकमात्र ट्रेन है जिसके माध्यम से अब बुरहानपुर से सीधे मलकापुर, अकोला, नांदेड़ सहित हैदराबाद और दूसरे दिशा में उज्जैन, मंदसौर, रतलाम नीमच सहित अजमेर, जयपुर, जाया जा सकता है।
उक्त ट्रेन के बुरहानपुर में स्टॉपेज की मांग विगत 12 वर्षों से रेलवे संघर्ष समिति एवं शहर वासी कर रहे थे। जिसे लेकर समय समय पर रेलमंत्री, रेल महाप्रबंधक (जीएम), डीआरएम, एडीआरएम सहित सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल को भी प्रार्थना पत्र देकर मांग करते रहे हैं।
सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने इसके महत्व को जानकर पुरजोर प्रयास किया और उसे रेलवे मंत्रालय से यह सौगात दिलवाई है। रेलवे संघर्ष समिति बुरहानपुर के समस्त पदाधिकारी गण और सदस्यगण ने सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवम रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार सहित कृतज्ञता व्यक्त करते हुए शहर हित में अन्य ट्रेनों का स्टॉपेज जैसे गोवा एक्सप्रेस, गरीबरथ एक्स आदि के स्टॉपेज सहित नागपुर भुसावल एक्सप्रेस का पुनः आरंभ कराना भी शहर के विकास में नीव का पत्थर होगा।
