मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

विधानसभा चुनाव 2023 में कांग्रेस पार्टी की नाकामी के बाद इसकी हार का ठीकरा सियासी तौर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पर फोड़ा जा रहा है। बुरहानपुर और खंडवा में कांग्रेस पार्टी की हार के लिए कौन दोषी है ? और कौन दोषी नहीं ? यह गहन समीक्षा का विषय है और बुरहानपुर के संदर्भ में इसको देखा जाए तो यहां का सियासी मंज़र नामा बिल्कुल साफ़ है। लेकिन 15 महीने तक खंडवा बुरहानपुर जिले में कांग्रेस पार्टी के प्रभारी रहे कैलाश कुंडल ने कांग्रेस पार्टी की हार की जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए कहा है कि मैं इसमें सफल नहीं हो पाया। इस असफलता के लिए उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ को पत्र प्रेषित कर उन्होंने पद से मुक्त करने की मांग की है। उनके द्वारा दिनांक 04/12/2023 को कांग्रेस पार्टी प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ के नाम प्रेषित पत्र को सोशल मीडिया के माध्यम से वायरल किया है और अपना एक वीडियो भी उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से वायरल किया है।
क्या लिखा है इस पत्र में और क्यों त्यागपत्र दिया? कैलाश कुंडल ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि आपके द्वारा मुझे बड़े विश्वास के साथ संगठन कार्य हेतु खंडवा एवं बुरहानपुर जिले का प्रभार दिया गया था। मेरे द्वारा लगभग इन 15 माह में प्रदेश से प्राप्त निर्देशों को जिला कांग्रेस के सहयोग से संपन्न करने के ईमानदारी से प्रयास किए लेकिन मिशन 2023 की असफलता के कारण मुझे ऐसा लग रहा है कि शायद में अपने दायित्व को निभाने में सफल नहीं हो पाया। अत: मेरा बड़े आदर के साथ अनुरोध है कि मुझे इस जिम्मेदारी से मुक्त करने की कृपा करें। एक सच्चे कांग्रेस के सिपाही के रूप में अंतिम सांस तक सेवा करूंगा। ये विश्वास दिलाता हूं। सादर। आपका कैलाश कुंडल कन्नौद दिनांक 04/12/ 2023
