नरेन्द्र कुमार, ब्यूरो चीफ, जलगांव (महाराष्ट्र), NIT:

नरेंद्र मोदी सरकार के 9 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी भाजपा की ओर से पूरे देश में मोदी@9 महा जनसंपर्क अभियान आरंभ किया गया है। डब्बे पे चर्चा के बाद भाजपा का यह लगातार दूसरा अभियान है जिसमें भाजपा के तमाम सांसद, विधायक, मंत्री, संगठन सदस्य शामिल हुए हैं। जामनेर में मंत्री गिरीश महाजन और सांसद रक्षा खड़से ने मोदी@9 के तहत सड़क पर उतरकर आम जनता और दुकानदारों से संवाद किया। चुनिंदा घरों में जाकर लोगों को मोदी सरकार के 9 सालों के कामकाज के बारे में जानकारी दी। इससे कुछ दिन पहले चालीसगांव में मोटर साइकिल रैली निकालकर मोदी@9 का माहौल बनाया गया।

कल 21 जून को विश्व योग दिवस पर पार्टी ने कई इवेंट्स प्लान किए हैं। पूर्वोत्तर में बीते डेढ़ महीने से जल रहे भाजपा शासित राज्य मणिपुर में मोदी@9 का आयोजन और संचालन किया गया है या नहीं इसके बारे में किसी को कोई पता नहीं है। सवालों के सारे तीर सत्ता के तरकश में लीन हो चुके हैं। सुप्रीम कोर्ट ने महाराष्ट्र की शिंदे-फडणवीस सरकार को असंवैधानिक करार दे दिया है बावजूद इसके गैरकानूनी तरीके से सत्ता में बने हुए भाजपा के तमाम मंत्री सरकारी धन, काफ़िले और संसाधन का इस्तेमाल कर पार्टी का प्रचार प्रसार कर रहे हैं। एक तरफ विभाजनकारी राजनीति ने मणिपुर को आग के हवाले कर दिया गया है तो वहीं महाराष्ट्र में संविधान की धज्जियां उड़ाकर “सेंगोल इज श्राइन, मोदी @9, मिनिस्टर्स इज फाइन” का खेल चल रहा है।
