गुलशन परूथी, ग्वालियर (मप्र), NIT:

सोमवार को गोले का मंदिर चौराहा पर पुलिस का मानवीय चेहरा सामने आया है। चौराहे के पास ही एक बुजुर्ग को हार्ट अटैक आ गया, चौराहे पर ड्यूटी पर मौजूद महिला सूबेदार ने CPR देकर न केवल जान बचाई बल्कि एम्बुलेंस मंगा कर हॉस्पिटल में भर्ती कराया।
घटनाक्रम के मुताबिक गोले के मंदिर चौराहे से एक बुजुर्ग गुजर रहे थे तभी अचानक उनके सीने में दर्द होने लगा और वे एक जगह बैठ गए साथ ही वे अचानक से बेहोश भी हो गए। बुजुर्ग के बेहोश होकर गिरता देखकर चौराहे पर तैनात ट्रैफिक महिला सूबदार सोनम पाराशर मौके पर पहुंच गई। बुजुर्ग को देखने पर लगा कि उन्हें हार्ट अटैक आया है। यह देखकर सोनम पाराशर ने तुरंत बुजुर्ग को सीपीआर देना शुरू किया। सीपीआर देने के बाद बुजुर्ग की हालत में कुछ सुधार हुआ लेकिन होश नहीं आया। ऐसे में ट्रैफिक सूबेदार सोनम पाराशर ने एंबुलेंस बुलाकर तुरंत बजुर्ग को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। बताया जाता है कि जिन बुजुर्ग को हार्ट अटैक आया है वह गोले के मंदिर के पास ही रहने वाले हैं। उनके बारे में बताया जाता है कि उनका बेटा भी दिल्ली में डॉक्टर है। बुजुर्ग के स्वजनाें को उनकी हालत के बारे में सूचित किया गया है जिससे उनका बेहतर उपचार हो सके।
