मेहलाक़ा इक़बाल अंसारी, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

खंडवा लोकसभा क्षेत्र के सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने केंद्रीय शहरी विकास मंत्री, भारत सरकार, नई दिल्ली श्री हरदीप सिंह पुरी को 23 फरवरी 2022 को एक पत्र प्रेषित कर नगर पालिक निगम बुरहानपुर को अंडर ग्राउंड सीवर लाइन हेतु शेष कार्य के लिए राशि स्वीकृति के संबंध में एक पत्र प्रेषित किया है। अपने पत्र में सांसद श्री ज्ञानेश्वर पाटिल ने केंद्रीय शहरी विकास मंत्री को अवगत कराया है कि नगर पालिक निगम बुरहानपुर को अंडर ग्राउंड सीवर लाइन कार्य योजना अमृत एक की स्वीकृति प्रदान की गई है। कार्य योजना अनुसार वर्तमान में कार्य प्रगति पर है, किंतु स्वीकृत कार्य योजना से शत-प्रतिशत कार्य नहीं हो पाएगा ऐसी मेरी जानकारी में लाया गया है। सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने लेख किया है कि क्योंकि शहर में अंडरग्राउंड सीवर लाइन कार्य योजना चालू है तथा योजना का लाभ शत-प्रतिशत शहर को मिल सके, इसके लिए अतिरिक्त कार्य योजना स्वीकृति के संबंध में आवश्यक स्वीकृति अपेक्षित है। सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने नगर पालिक निगम बुरहानपुर को अंडरग्राउंड सीवर लाइन हेतु शेष कार्य के लिए योजना अमृत 2 में अतिरिक्त स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया है।
