अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान, भोपाल (मप्र), NIT:

बच्चों के प्रति बढ़ रहे सायबर अपराधों की रोकथाम के लिए भोपाल पुलिस द्वारा विशेष अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कल 11/01/2022 को भोपाल पुलिस एवं आरम्भ संस्था (चाईल्ड लाईन) के सहयोग से शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, स्टेशन बजरिया क्षेत्र में बच्चों को सायबर फ्रॉड/क्राईम से बचाने के मक़सद से जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस उपायुक्त जोन-3 श्री रियाज इकबाल, प्राचार्य श्री सुरेश कुमार खाण्डेकर आरम्भ संस्था निदेशक अर्चना सहाय, थाना मंगलवारा से उपनिरीक्षक प्रदीप मिश्रा एवं टीम सदस्य विजय यादव, फुरकान अंसारी, रेणु कश्यप उपस्थित रहे।
पुलिस उपायुक्त श्री रियाज इकबाल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बच्चों को इंस्टाग्राम/फेसबुक/व्हाट्सएप के उपयोग के दौरान बरतने वाली सावधानियों के बारे में बताया, साथ ही ऑनलाइन अलग-अलग तरह के एप जो कि सायबर अपराध के लिए उपयोग किए जा रहे हैं उनसे सावधान रहने के लिए सलाह दी गई।
आरम्भ संस्था से श्रीमती अर्चना सहाय के द्वारा इंस्टाग्राम में फेक आई०डी० बनाकर लड़कियों को बहलाने एवं उनका गलत कामों में प्रयोग करने से संबंधित चर्चा बच्चों से की गई ताकि बच्चे इस विषय को समझे और किसी के बहकावे में आकर घर छोड़कर न जाएं, राष्ट्रीय अपराध रिकार्ड ब्यूरों के डाटा के अनुसार मध्यप्रदेश में बच्चों की स्थिति का डाटा भी बच्चों के साथ साझा किया गया।
कार्यक्रम में स्कूल प्राचार्य श्री सुरेश कुमार खाण्डेकर , सभी शिक्षक एवं कुल 90 बच्चें उपस्थित रहे। प्राचार्य द्वारा इस विशेष आयोजन के लिए पुलिस विभाग एवं आरम्भ संस्था को धन्यवाद दिया गया एवं आगामी समय में इस तरह आयोजनों के लिए प्रस्ताव रखा गया।
