आसिम खान, ब्यूरो चीफ, छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी बाजपेई जी की जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत देश के 9 करोड़ किसान परिवारों के बैंक खातों में कुल 18 हजार करोड़ रूपए की राशि का सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरण किया गया । इसमें मध्यप्रदेश के 78 लाख किसान भी लाभान्वित हुए। कार्यक्रम के माध्यम से जिले के एक लाख 47 हजार 850 किसान परिवारों के बैंक खातों में भी 29 करोड़ 57 लाख रूपए की राशि अंतरित की गई। इस कार्यक्रम के लाइव प्रसारण की व्यवस्था जिले के सभी जनपद पंचायत मुख्यालयों और ग्राम पंचायत स्तर भी की गई थी, जहां जनप्रतिनिधियों के साथ जिले के कृषकों ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के उद्बोधन को देखा और सुना । जिला मुख्यालय की जनपद पंचायत छिन्दवाड़ा का कार्यक्रम एफ.डी.डी.आई. इमलीखेड़ा के सभाकक्ष में आयोजित किया गया था। जहां शासन के निर्देशानुसार बेटियों के पूजन से कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस दौरान पूर्व महापौर श्रीमती कांता सदारंग व श्री विवेक साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गजेन्द्र सिंह नागेश, एस.डी.एम. छिन्दवाड़ा श्री अतुल सिंह, जनपद सी ई ओ श्री सी.एल.अहिरवार व तहसीलदार श्री महेश अग्रवाल सहित संबंधित अधिकारी और कृषक उपस्थित थे।
