साबिर खान, मथुरा/लखनऊ (यूपी), NIT:

यातायात माह के अंतर्गत ब्रज यातायात एवं पर्यावरण जन जागरूकता समिति रजि. उत्तर प्रदेश व स्वास्तिक रंगमंडल के संयुक्त पहल से कचहरी पेट्रोल पंप के सामने मथुरा में लोगों को सड़क हादसे से जागरूक करने के लिए यातायात पुलिस मथुरा के साथ मिलकर नुक्कड़ नाटक का मंचन किया। नाटक के माध्यम से लोगों को सड़क हादसा से जागरूक करते हुए यातायात नियमों के प्रति पालन करने का संदेश दिया गया कि किस तरह सड़क पर छोटी सी लापरवाही बड़े हादसे का कारण बनती है। इस नाटक से लोगों ने अपने जीवन में यातायात नियमों का पालन करने की प्रेरणा लेते हुए नाबालिग बच्चों को वाहन न देने का संकल्प लिया। अतिथि के रूप में मौजूद यूनाइटेड इंश्योरेंस कंपनी के मंडलीय प्रबंधक राजीव गोयल ने कहा कि आज युवाओं को सड़क पर चलते हुए अपनी सुरक्षा के साथ रोड़ पर चलने वाले सभी लोगों को सुरक्षित करने के लिए यातायात नियमों का पालन करना होगा।

ब्रज यातायात एवं पर्यावरण जनजागरूकता समिति उत्तर प्रदेश रजि. के प्रदेश अध्यक्ष विनोद दीक्षित ने कहा हमारी युवा पीढ़ी इन सड़क हादसों में सबसे अधिक मर रही है इसलिए सभी युवाओं को जागरूक करने के लिए युवा मंडल अपने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से युवाओं को जागरूक करेगा। स्वास्तिक रंगमंडल की संयोजिका श्रीमती रश्मि संदीपन नागर ने कहा कि हमारी टीम मथुरा महानगर के हर चौराहे पर जाकर लोगों को जागरूक करेगी। यातायात पुलिस के निरीक्षक डॉ अशोक कुमार सिंह ने कहा कि युवाओं का प्रयास बहुत ही सराहनीय है, यातायात पुलिस मथुरा युवाओं को युवाओं के माध्यम से जागरूक कर रही है यह प्रयास लगातार जारी रहेगा। उन्होंने पूरी टीम को दी बधाई।
इस अवसर पर प्रदेश सचिव सुश्री कोकल भाटिया, राजेश पारीक, टीएसआई ओम प्रकाश शुक्ला, श्रेयस नागर, श्रीमती कनक नागर, श्रीमती कनुप्रिया नागर, आकाश चौधरी, रितिक सोनी, कु शालिनी शर्मा, कु अर्पिता रोबिन खन्ना, नीरज दीक्षित लोकेश, सिद्धांत पावस, वैभव, कनुप्रिया, मूलचंद पंछी आदि कलाकारों ने नाटक मंचन किया।
