रहीम शेरानी, अलीराजपुर (मप्र), NIT:

अलिराजपुर जिले के आंबुआ ग्राम पंचायत में मंगलवार को हॉट-बाजार लगता है और वार्ड क्रमांक चार में हाट बाजार के दिन मछली बाजार मुख्य मार्ग पर लगाया जाता है जिसमें गीली एवं सूखी मछलियां खुलेआम बेची जा रही है। जिसकी बदबू एवं गंदगी से वार्ड वासी परेशान है। इस का स्वास्थ्य पर भी वितरित असर पड़ रहा है। इसकी शिकायत कई बार स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस विभाग से की गई है मगर इसका कोई असर होता दिखाई नहीं देता है। इन समस्याओं को लेकर वार्ड निवासी भगवान सिंह चौहान एवं औछब राठौड़, राकेश खंडेलवाल ने संयुक्त रूप से बताया कि मंगलवार के दिन आंबुआ में हमारे घरों के सामने मछली बेचने की दुकान लगाई जाती है जिससे बदबू एवं गंदगी से हमारे स्वास्थ्य पर विपरीत असर पड़ता है, इस बात को लेकर हमने कई बार ग्राम पंचायत आंबुआ एवं पुलिस विभाग को शिकायत की मगर स्थानीय प्रशासन की लापरवाही के चलते कोई कार्रवाई नही हुई है और स्थिति यथावत बनी हुई है जिससे हम समस्त रहिवासी अपने स्वास्थ्य को लेकर चिंतित हैं। ग्राम पंचायत द्वारा वर्षों पहले गंदा पानी निकासी के लिए नालियों का निर्माण किया गया था मगर समय ज्यादा होने पर नालिया पूर्ण रूप से टूट चुकी हैं जिसका बहने वाला पानी मुख्य मार्ग पर भरा रहता है जिससे मच्छरों की भरमार होने लगी है साथ ही हमारे स्वास्थ्य के प्रति विपरीत असर हो रहा है। उक्त लोगों ने मांग की है कि अगर समय पर इसका निराकरण नहीं किया गया तो इसकी शिकायत जिला प्रशासन से करते हुए आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा।
