मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:
देश की वर्तमान परिस्थितियों में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, लोकसभा सांसद एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की भूमिका को लेकर कांग्रेस समर्थकों और कार्यकर्ताओं में चर्चा तेज है। विभिन्न राष्ट्रीय मुद्दों पर राहुल गांधी द्वारा जनता की समस्याओं को उठाए जाने का उल्लेख करते हुए कांग्रेस नेताओं और समर्थकों का कहना है कि युवाओं के बीच उनकी लोकप्रियता बढ़ रही है।
इंदौर में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की सफलता का हवाला देते हुए समर्थकों ने कहा कि राहुल गांधी को देश का प्रधानमंत्री बनकर जनता की सेवा करने का अवसर मिलना चाहिए। जयपुर नगर निगम के पूर्व वरिष्ठ पार्षद ज़ाकिर खान, टोंक के प्रतिष्ठित बीड़ी व्यवसायी मोईन निज़ाम तथा अन्य कांग्रेस समर्थकों ने राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाने की मांग रखी है।
मोईन निज़ाम का परिवार लंबे समय से कांग्रेस से जुड़ा हुआ है और टोंक क्षेत्र में कांग्रेस के लिए कार्य करता रहा है। उनके दादा और पिता के समय से ही परिवार कांग्रेस के समर्थन और संगठनात्मक गतिविधियों में योगदान देता रहा है। मोईन निज़ाम भी कांग्रेस के विभिन्न कार्यक्रमों और चुनावों में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में सक्रिय रहे हैं।
समाचार के अनुसार, जब श्रीमती सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित गांधी परिवार के सदस्य राजस्थान का दौरा करते थे, तब पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व वरिष्ठ पार्षद ज़ाकिर खान की देखरेख में स्वागत, सामाजिक व्यवस्थाओं और प्रोटोकॉल से जुड़ी जिम्मेदारियां निभाई जाती थीं। इन व्यवस्थाओं में मोईन निज़ाम का भी सहयोग रहता था।
मोईन निज़ाम ने टोंक क्षेत्र में कांग्रेस के विभिन्न प्रत्याशियों के समर्थन में कार्य करने की बात कही है। उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व से मांग की है कि उन्हें राजस्थान में या अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC), 24 अकबर रोड, नई दिल्ली में कोई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी जाए अथवा किसी राज्य का प्रभारी बनाया जाए।
मोईन निज़ाम का बीड़ी व्यवसाय भी स्थापित है। उनके व्यवसाय से बड़ी संख्या में लोग जुड़े हुए हैं और उन्हें रोजगार मिलता है। टोंक क्षेत्र में भी उनके व्यवसाय से कई लोगों को रोजगार मिलने की बात कही गई है। सामाजिक एवं धार्मिक आयोजनों में भी उनके सहयोग का उल्लेख किया गया है।
मोईन निज़ाम ने राहुल गांधी से मांग की है कि जिस प्रकार कोटा में रोजगार कैंप का आयोजन किया गया था, उसी तरह टोंक में भी रोजगार कैंप आयोजित किया जाए। उन्होंने इच्छा जताई कि राहुल गांधी स्वयं इस आयोजन में उपस्थित होकर इसकी गरिमा बढ़ाएं और आयोजन की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी उन्हें प्रदान की जाए।
उन्होंने कहा कि टोंक से ज़किया इनाम, अजहरुद्दीन सहित कांग्रेस के विभिन्न प्रत्याशियों को भी उनके द्वारा चुनावों में सहयोग किया जाता रहा है। वहीं, पूर्व वरिष्ठ पार्षद ज़ाकिर खान ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेतृत्व से जनभावनाओं के अनुरूप मोईन निज़ाम को संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देने की मांग की है।

