पवन परूथी/गुलशन परूथी, ग्वालियर (मप्र), NIT:

नवरात्रि के त्यौहार में शीतला माता मंदिर पर बड़ी संख्या में श्रृद्धालुओं का आगमन होता है। श्रृद्धालुओं के आगमन को देखते हुए समय पर मंदिर पर सभी व्यवस्थाएं कर ली जाएं यह निर्देश कलेक्टर श्री अनुराग चौधरी ने संबंधित अधिकारियों को दिए हैं। उन्होंने कहा है कि मंदिर परिसर में सीसीटीव्ही कैमरे लगाए जाएं। पुलिस का अमला भी पर्याप्त संख्या में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौजूद रहे। मंदिर पर व्यवस्था बनाए रखने के लिए वॉलेन्टियर के रूप में नगर रक्षा समिति के सदस्यों को भी लगाया जायेगा। इसी प्रकार पेयजल, विद्युत की व्यवस्था भी सुचारू होना चाहिए।

शनिवार को कलेक्टर श्री अनुराग चौधरी शीतला माता मंदिर पर पहुँचे। उन्होंने मंदिर परिसर में ही बैठक रखी। बैठक में व्यवस्था से जुड़े संबंधित अधिकारी भी मौजूद थे। इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्री नवनीत भसीन, अपर कलेक्टर श्री रिंकेश वैश्य, एसडीएम श्री अनिल बनवारिया, एसडीएम भितरवार श्री अशोक चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
