पवन परूथी/गुलशन परूथी, ग्वालियर (मप्र), NIT:

साईंस कॉलेज में 8 व 9 फरवरी को “कैरियर अवसर मेला एवं जॉब फेयर” का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर ने बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की।
कैरियर अवसर मेला में सभी संबंधित विभाग अपने-अपने स्टॉल लगाएं, जिससे मेले में आने वाले शिक्षित बेरोजगारों को स्वरोजगारमूलक योजनाओं की जानकारी मिल सके। यह निर्देश कलेक्टर श्री भरत यादव ने शासकीय आदर्श विज्ञान महाविद्यालय में फरवरी माह में आयोजित होने जा रहे “कैरियर अवसर मेला एवं जॉब फेयर” की तैयारियों के लिए बुलाई गई बैठक में दिए। यह जॉब फेयर 8 व 9 फरवरी को प्रस्तावित है।
बैठक में जानकारी दी गई कि साईंस कॉलेज में लगने जा रहे “कैरियर अवसर मेला एवं जॉब फेयर” में अभी तक 20 जानी-मानी कंपनियों के आने की स्वीकृति मिल चुकी है। लगभग एक हजार पदों की भर्ती इन कंपनियों द्वारा की जायेगी। इनके अलावा अन्य कंपनियों को बुलाने के लिये भी संपर्क जारी है।
कलेक्टर श्री यादव ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस जॉब फेयर के साथ नगर निगम द्वारा प्रस्तावित कैरियर मेला भी लगाएं। नगर निगम द्वारा यह मेला राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत लगाया जाना है। उन्होंने जॉब फेयर के लिए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री शिवम वर्मा को नोडल अधिकारी की जवाबदेही सौंपी है। श्री यादव ने बानमोर एवं मालनपुर की औद्योगिक इकाईयों को इस मेले में बुलाने के लिए आईआईडीसी के अधिकारियों से संपर्क करने को कहा। साथ ही मेले में टूरिज्म, खादी एवं ग्रामोद्योग, होटल प्रबंधन, खाद्य प्रसंस्करण, उद्यानिकी इत्यादि स्टॉल लगाने के निर्देश भी दिए।
बैठक में अपर कलेक्टर श्री दिनेश श्रीवास्तव, सीईओ जिला पंचायत श्री शिवम वर्मा, एडीएम श्री संदीप केरकेट्टा, साईंस कॉलेज के प्राचार्य, जिला रोजगार अधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
