मेहलक़ा अंसारी, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बुरहानपुर के तत्वावधान में व जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमान व्ही.एस.पाटीदार साहब के मार्गदर्शन में स्टार स्वरोज़गार केंद्र बुरहानपुर में विधिक साक्षरता शिविर सम्पन्न हुआ। जिसमें प्रशिक्षार्थियों को अपर जिला न्यायाधीश श्री नरेन्द्र पटेल साहब, लीगल ऐड पैनल लायर श्री अब्दुल वकील खान (एडवोकेट), पैरालीगल वायलेंटियर्स सर्वश्री नंदकिशोर जांगड़े, श्रीमती आशा दलाल तथा संस्था के प्रशिक्षक श्री मेघनाथ पटले (सेवानिवृत्त प्राचार्य) द्वारा महिला अत्याचार निवारण, महिलाओं की सुरक्षा एवं उत्पीड़न तथा मूल अधिकारों के सम्बंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। कार्यक्रम में प्रशिक्षार्थियों के साथ साथ समन्वयक प्रशिक्षक श्रीमती क्षमा दास व अन्य स्टॉफ उपस्थित थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपर जिला न्यायाधीश श्री नरेन्द्र पटेल द्वारा प्रशिक्षार्थियों को महिलाओं की सुरक्षा व उत्पीडन के संबंध में व्यापक क़ानूनों की जानकारी देते हुए बताया कि बालिकाओं और महिलाओं के साथ होने वाली छेड़छाड़ व बलात्कार के अपराध के लिए कानून में संशोधन के माध्यम से कठोरतम दंड का प्रावधान किया गया है जो मृत्युदण्ड तक हो सकता है। श्री पटेल ने बताया कि आजकल महिलाओं को कानून में पुरुषों के बराबर के अधिकार प्रत्येक क्षेत्र में प्राप्त है श्री पटेल ने बताया कि आधुनिक तकनीक इन्टरनेट, सोशल मिडिया का उपयोग ज्ञान प्राप्त करने के उद्देश्य से करना चाहिये। अशलील साहित्य और वीडियो देखने से मनोवृत्ति अपराध की ओर ले जाती है जिसका सम्पूर्ण डेटा सेव रहता है जो सायबर पुलिस सेल के माध्यम से प्राप्त करके अपराधी सज़ा पाते है।
शिविर में लीगल एड पैनल अधिवक्ता श्री अब्दुल वक़ील खान द्वारा कन्या भ्रूण हत्या, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण, भरण पोषण अधिनियम, पॉक्सो एक्ट आदि कानूनों की जानकारी दी तथा संविधान से प्राप्त मूल अधिकारों के बारे में सभी को सजग होना चाहिए बताया। श्री खान ने बताया कि प्रत्येक गरीब व निःशक्तजनों को निःशुल्क कानूनी सहायता, परामर्श एवं अधिवक्ता की सेवाएं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से उपलब्ध हैं, जिनका नियमानुसार लाभ हासिल किया जा सकता है। PLV श्रीमती आशा दलाल ने परिवार परामर्श केन्द्रों एवं वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से महिलाओं को पारिवारिक मामले हल कराने की सलाह व जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन मेघनाथ पटले ने किया और आभार श्रीमती क्षमा दास ने माना।
