मेहलका अंसारी, बुरहानपुर (मप्र), NIT;
मध्यप्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) ने रविवार को सर्किट हाउस में आयोजित बैठक में नगर निगम एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि गर्मी के इस मौसम में शहर में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता से सुधारा जाए। उन्होंने बैठक में असंगठित श्रमिक पंजीयन की प्रगति की भी समीक्षा की तथा मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के तहत किसानों के खातों में जमा राशि के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर सत्येन्द्र सिंह, अपर कलेक्टर रोमानुस टोप्पो, नगर निगमाध्यक्ष मनोज तारवाला, चिंतामन महाजन, रूद्रेश्वर एंडोले, संभाजीराव सगरे सहित अनेक जनप्रतिनिधि व विभिन्न विभागीय अधिकारी मौजूद थे।
महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती चिटनिस ने बैठक में निर्देश दिए कि पेयजल आपूर्ति की मुख्य लाइन से जिन व्यावसायिक प्रतिष्ठानों द्वारा अवैध रूप से पानी लिया जा रहा हैं उनके कनेक्शन तत्काल कांटे जाए। उन्होंने कहा कि पेयजल की आपूर्ति के समय बिजली कटौती भी की जा सकती है ताकि सभी घरों तक पेयजल आपूर्ति हो सकें। उन्होंने निर्देश दिए कि पेयजल प्रदाय करने वाले टेंकरों में जीपीएस सिस्टम लगवाए जाए तथा टैंकरों के किराए का भुगतान संबंधित क्षेत्र के पार्षद व प्रतिष्ठित नागरिकों के सत्यापन उपरांत ही किया जाए। उन्होंने बताया कि मुख्य डाकघर व बस स्टैंड के पास ट्यूबवेल में पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध है। उसमें तत्काल मोटर डालकर पेयजल लाइन से जोड़ा जाए ताकि शहर की पेयजल समस्या कम हो सकें।
मंत्री श्रीमती चिटनिस ने लालबाग की टंकी को अगले दो दिवस में पाइप लाइन से जोड़ने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने पेयजल योजना संबंधी देयकों का भुगतान तत्काल कराने के निर्देश नगर निगम के अधिकारियों को दिए।
