गुलशन परूथी, ब्यूरो चीफ, दतिया (मप्र), NIT:
ब्रह्माकुमारीज़ आश्रम के गोल्डन वर्ल्ड रिट्रीट सेंटर में दीपावली का पर्व बड़े ही धूमधाम और श्रद्धाभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मां लक्ष्मी के स्वरूप में सजी एक कुमारी रहीं, जिन्होंने उपस्थित सभी श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया। भक्तों ने श्रद्धापूर्वक मां लक्ष्मी की आरती की और अपने सुखमय एवं समृद्ध भविष्य के लिए प्रार्थना की।

इस अवसर पर बताया गया कि परमपिता परमात्मा शिव और मां लक्ष्मी सभी को सुख-समृद्धि से भरपूर करते हैं। सच्ची दीपावली वही है, जिसमें हम अपनी आत्मा की ज्योत को प्रज्वलित करें। जिस प्रकार हम अपने घर के कोने-कोने की सफाई करते हैं, उसी प्रकार हमें अपने मन के कोने-कोने को भी हर प्रकार की बुराइयों और नकारात्मक विचारों से मुक्त करना चाहिए। ब्रह्माकुमारी संस्थान की ओर से यही आध्यात्मिक संदेश दिया गया।

बताया गया कि जब हम अपने मन को बुराइयों से दूर कर पवित्रता और सकारात्मकता अपनाते हैं, तो परमपिता परमात्मा का आशीर्वाद स्वतः ही प्राप्त होता है।
मुख्य अतिथि ब्रजकिशोर गुप्ता ने दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा, “जब से मैं ब्रह्माकुमारी संस्थान से जुड़ा हूं, तब से मैंने अपने मन के अंधकार को दूर कर जीवन में सच्ची खुशी का अनुभव किया है।”
ब्रह्माकुमारी सतनाम भाई ने कहा कि हमें अपने मन और परिवार को स्वच्छ रखने के साथ-साथ घर, मोहल्ले और नगर को भी स्वच्छ रखना चाहिए। निश्चित रूप से स्वच्छता हमारे जीवन में शांति और सकारात्मकता लाती है तथा परमपिता परमात्मा हमें संपूर्णता का वरदान देते हैं।
ब्रह्माकुमारी अर्चना बहन ने मां लक्ष्मी के आध्यात्मिक रहस्य पर प्रकाश डालते हुए बताया कि किस प्रकार उन्होंने अपने लक्ष्य को प्राप्त कर जीवन को धन-धान्य से परिपूर्ण किया और सभी को समृद्धि का आशीर्वाद देती हैं। उन्होंने सभी से अपने जीवन के लक्ष्य के प्रति एकाग्र रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन ब्रह्माकुमारी सृष्टि बहन ने किया। इस अवसर पर नन्हीं-मुन्नी कुमारियों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक कलाकृतियों ने उपस्थित श्रद्धालुओं का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में मनोरमा बहन, शशि बहन, जानकी बहन, पूजा बहन, महेश भाई, प्रसाद भाई, सुनील भाई, खुशबू बहन, ज्योति बहन सहित अनेक भाई-बहन उपस्थित रहे।

