मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:
जनसेवा, अंत्योदय और ‘सबका साथ, सबका विकास’ के संकल्प को धरातल पर साकार करते हुए कन्हान विकास समिति के संयोजक एवं दातला प्रभारी तथा भाजपा कोषाध्यक्ष मनीष (बंटी) साहू की संवेदनशील पहल पर सांसद विवेक (बंटी) साहू ने दो मासूम बच्चियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए ₹10,000 की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की है।
दुःखद परिस्थिति में सहारा बनी कन्हान विकास समिति
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत निवासी सलीम खान के पुत्र स्वर्गीय नासिर खान के असमय निधन के बाद उनकी दो मासूम बेटियों आयशा खान और नायरा खान के पालन-पोषण एवं देखभाल की पूरी जिम्मेदारी उनके बुजुर्ग दादा सलीम खान पर आ गई थी। परिवार की इस कठिन परिस्थिति को देखते हुए कन्हान विकास समिति के संयोजक मनीष (बंटी) साहू ने तत्काल पहल करते हुए पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने के प्रयास शुरू किए।
₹10,000 की सहायता राशि का चेक सौंपा
मनीष (बंटी) साहू के सार्थक प्रयासों के फलस्वरूप सांसद विवेक (बंटी) साहू ने सांसद निधि से दोनों मासूम बच्चियों के लिए ₹10,000 की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की। स्वीकृत सहायता राशि का चेक बच्चियों के दादा सलीम खान को सौंपा गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
‘सबका साथ, सबका विकास ही हमारा ध्येय’ : मनीष (बंटी) साहू
इस अवसर पर कन्हान विकास समिति के संयोजक मनीष (बंटी) साहू ने कहा, “हमारा उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक मदद पहुंचाना है। ‘सबका साथ, सबका विकास’ के संकल्प के साथ पीड़ित और जरूरतमंद परिवारों के साथ खड़े रहना ही हमारी प्राथमिकता है। इन मासूम बच्चियों की हर संभव मदद के लिए हम सदैव तत्पर रहेंगे।”
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
सहायता राशि वितरण के इस आत्मीय कार्यक्रम में कन्हान विकास समिति के संयोजक मनीष (बंटी) साहू, अमित साहू, जितेंद्र सूर्यवंशी, जहीर खान, अनिल पाटिल सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक एवं कार्यकर्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे। उपस्थित सभी लोगों ने इस संवेदनशील पहल के लिए सांसद विवेक (बंटी) साहू एवं समिति के संयोजक मनीष (बंटी) साहू का आभार व्यक्त किया।

