मक़सूद अली, ब्यूरो चीफ, यवतमाल (महाराष्ट्र), NIT:

अँग्लो हिंदी हाई स्कूल एवं जूनियर कॉलेज, यवतमाल के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और शानदार टीमवर्क का प्रदर्शन करते हुए जिला स्तरीय विज्ञान नाट्य प्रतियोगिता में लगातार दूसरी बार प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि के साथ विद्यालय की विज्ञान नाट्य टीम का चयन अब विभागीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए हुआ है।

प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विज्ञान विषय को प्रभावी नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से प्रस्तुत किया। संवाद-अदायगी, अभिनय, मंच प्रस्तुति, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और सामूहिक प्रयास ने निर्णायकों एवं दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
टीम की सफलता में मेंटर्स वसीम खान, शक्ति राठौड़ एवं स्पंदन गायकवाड़ के मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विद्यालय के प्रधानाचार्य अंशुल जैन के निरंतर प्रोत्साहन से विद्यार्थियों ने यह उपलब्धि हासिल की।
विद्यालय प्रबंधन, प्रधानाचार्य, शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने विज्ञान नाट्य टीम के विद्यार्थियों को बधाई देते हुए आगामी विभागीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। लगातार दूसरी बार जिला स्तर पर विजेता बनना विद्यालय की विज्ञान नाट्य टीम के लिए उल्लेखनीय उपलब्धि है।

