मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:
पुवायां थाना क्षेत्र के नत्थापुर गांव में जलती चिता की आग में कथित तौर पर मीट पकाने और विरोध करने पर गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, नत्थापुर निवासी वीरपाल की तहरीर पर रामचरन, राजेन्द्र और सुरेन्द्र सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि तीनों ने उसके पिता की चिता की आग में मीट पकाया। विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
पुवायां पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों वांछित आरोपियों को सोमवार को नत्थापुर तिराहे से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों की उम्र क्रमशः 40, 32 और 35 वर्ष बताई गई है।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक अशोक कुमार, उपनिरीक्षक रामवीर आदि शामिल रहे।

