साबिर खान, मीरा-भाईंदर/मुंबई (महाराष्ट्र), NIT:

काशिगांव पुलिस ने जुआ खेल रहे नौ लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में नकदी, वाहन, मोबाइल फोन और जुआ खेलने का सामान सहित कुल 48 लाख 55 हजार 20 रुपये का मुद्देमाल जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, 20 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 2.30 बजे काशिगांव पुलिस थाने की अपराध प्रकटीकरण शाखा के सहायक पुलिस निरीक्षक सुहास कांबले को मुखबिर से सूचना मिली कि ठाणे-मुंबई हाईवे पर मिरारोड (पूर्व) स्थित काजूपाड़ा के एक होटल में कुछ लोग तीन पत्ती जुआ खेल रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए पुलिस टीम ने मौके पर छापा मारा।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जुआ खेल रहे नौ आरोपियों को मौके से पकड़ा। उनके कब्जे से 22,740 रुपये नकद, महिंद्रा एक्सयूवी-700 कार, जुआ खेलने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले प्लास्टिक कॉइन, 52 पत्तों की नौ गड्डियां और नौ मोबाइल फोन बरामद किए गए। जब्त सामान की कुल कीमत 48 लाख 55 हजार 20 रुपये बताई गई है।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान संजय सखाराम चाळके, देवांग किरीटभाई चल्ला, देवांग हसमुखभाई सागर, चंदूभाई पोपटभाई मेवरिया, धर्म संजय सुरू, मुनीर मेहंदी कापड़िया, जयेश कालूभाई सुतरिया, हरेश वाघजीभाई मेवरिया और धवल गोपाल मकवाना के रूप में हुई है।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त निकेत कौशिक, अपर पुलिस आयुक्त संजय शिंदे, पुलिस उपायुक्त राहुल चव्हाण, सहायक पुलिस आयुक्त गणपत पिंगले तथा वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक राहुलकुमार पाटील के मार्गदर्शन में अपराध प्रकटीकरण पथक ने की। कार्रवाई में सहायक पुलिस निरीक्षक सुहास कांबले सहित पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों ने सहभागिता की।

