राकेश यादव, ब्यूरो चीफ, सागर (मप्र), NIT:
देवरी विधानसभा क्षेत्र में अतिवृष्टि और लगातार बारिश से फसलों को हुए नुकसान को लेकर कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री हर्ष यादव ने किसानों के पक्ष में पहल की है। उन्होंने सागर कलेक्टर को पत्र लिखकर देवरी एवं केसली विकासखंड के प्रभावित गांवों में तत्काल फसल क्षति का सर्वे कराने तथा प्रभावित किसानों को नियमानुसार मुआवजा एवं राहत राशि उपलब्ध कराने की मांग की है।

हर्ष यादव ने पत्र में बताया कि देवरी एवं केसली विकासखंड के अनेक गांवों में विगत दिनों हुई अतिवृष्टि के कारण किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। मक्का की फसल को कई स्थानों पर 100 प्रतिशत तक नुकसान होने की बात कही गई है। वहीं टमाटर, शिमला मिर्च सहित अन्य उद्यानिकी फसलें भी अत्यधिक बारिश के कारण बर्बाद हो गई हैं।

उन्होंने कहा कि किसानों ने फसलों की बुआई और उत्पादन में बड़ी लागत के साथ मेहनत की थी, लेकिन प्राकृतिक आपदा के कारण फसलें नष्ट होने से उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। इससे किसानों की वर्षभर की आय प्रभावित होने के साथ आगामी कृषि कार्यों के लिए भी आर्थिक कठिनाइयां बढ़ गई हैं।
पूर्व मंत्री ने मांग की कि देवरी एवं केसली विकासखंड के प्रभावित गांवों में राजस्व एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीम गठित कर तत्काल सर्वे कराया जाए। सर्वे पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पूरा कर प्रत्येक प्रभावित किसान की वास्तविक क्षति का आकलन किया जाए और नियमानुसार मुआवजा एवं राहत राशि शीघ्र उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करने की मांग भी की है कि कोई भी प्रभावित किसान सर्वे और राहत से वंचित न रहे तथा फसल क्षति का ग्रामवार अभिलेख तैयार किया जाए।

