हनीफ खान, ब्यूरो चीफ, सोनभद्र (यूपी), NIT:

करमा क्षेत्र के बाबा बिहारी इंटर कॉलेज, भरकवाह के परिसर में सोमवार को निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बनारस पाली हॉस्पिटल, उरमौरा रॉबर्ट्सगंज की चिकित्सकीय टीम ने करीब 500 छात्र-छात्राओं, उनके अभिभावकों एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आए मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया।
शिविर में मौसमी बुखार, खांसी-जुकाम, रक्तचाप, खुजली एवं विभिन्न प्रकार के दर्द से संबंधित मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई गईं। गंभीर मरीजों को अस्पताल पहुंचकर निशुल्क जांच कराने और चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार उपचार कराने के लिए प्रेरित किया गया।

चिकित्सकों ने बताया कि मौसम में लगातार हो रहे बदलाव और मच्छरों के बढ़ते प्रकोप के कारण विभिन्न प्रकार की मौसमी बीमारियां फैल रही हैं। ऐसे में समय पर जांच और उचित उपचार बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों को सलाह दी कि चिकित्सकीय जांच के बाद ही दवाओं का सेवन करें। बारिश के मौसम में स्वच्छ पानी को उबालकर पीने तथा आसपास साफ-सफाई रखने पर भी जोर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार मौसमी बीमारियों का प्रभाव बच्चों और बुजुर्गों में अधिक देखने को मिलता है।
कॉलेज के प्रबंध निदेशक अखिलेश यादव ने कहा कि विद्यालय में भविष्य में भी समय-समय पर निशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे। प्रबंधक बुद्धिनाथ सिंह यादव ने चिकित्सकीय टीम का स्वागत किया और शिविर के आयोजन को विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों के लिए उपयोगी बताया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य अनरुद्ध प्रसाद, अविनाश कुमार, अजय कुमार यादव, ज्ञान प्रकाश शर्मा, विलियम प्रेम प्रकाश, बृजमा शुक्ला, काजल जायसवाल, अर्पिता कुशवाहा, जागृति पटेल, अनामिका मौर्या, सत्यानंद प्रजापति, शांति और अमरजीत सहित विद्यालय स्टाफ मौजूद रहा।

