संदीप शुक्ला, ब्यूरो चीफ, ग्वालियर (मप्र), NIT:
आगामी त्योहारों के दौरान शहर में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए सड़कों को अतिक्रमण और अव्यवस्था से मुक्त कराने के लिए यातायात पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्री श्रुतकीर्ति सोमवंशी (भा.पु.से.) एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुजावल जग्गा (भा.पु.से.) के निर्देश पर उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) श्री अजीत सिंह चौहान की मौजूदगी में झांसी रोड यातायात पुलिस टीम ने पटेल नगर और सिटी सेंटर के भीड़भाड़ वाले व्यावसायिक क्षेत्रों में पैदल मार्च कर सघन चेकिंग अभियान चलाया।
अभियान के दौरान मुख्य सड़कों एवं फुटपाथों पर नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़े कर यातायात बाधित करने वाले 16 चारपहिया और 26 दोपहिया वाहनों सहित कुल 42 वाहनों के खिलाफ मौके पर ही कार्रवाई की गई। इस दौरान कुल ₹21,000 का जुर्माना वसूला गया। इसी क्रम में पुलिस ने तेज आवाज करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगी बुलेट और शीशों पर डार्क ब्लैक फिल्म चढ़ाकर चल रही थार गाड़ी के खिलाफ भी कार्रवाई करते हुए भारी जुर्माना लगाया। साथ ही वाहन चालकों को सख्त चेतावनी दी गई कि वे अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें।
इस विशेष कार्रवाई के दौरान उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) श्री अजीत सिंह चौहान के साथ थाना यातायात झांसी रोड के प्रभारी निरीक्षक श्री धनंजय शर्मा, सूबेदार श्री आयुष मिश्रा एवं यातायात पुलिस का फील्ड स्टाफ मौजूद रहा।
यातायात विभाग ने शहर के नागरिकों और दुकानदारों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि त्योहारों के दौरान खरीदारी के लिए निकलते समय अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें। सड़क पर अवैध पार्किंग करने और यातायात बाधित करने वाले वाहनों के खिलाफ यह दंडात्मक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

