इम्तियाज़ चिश्ती, ब्यूरो चीफ, दमोह (मप्र), NIT:
दमोह पुलिस ने दिवाली के अवसर पर लोगों को खास तोहफा दिया है। पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि के निर्देशन में दमोह पुलिस की साइबर सेल और जिले के विभिन्न थानों की टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए गुम हुए 151 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने बरामद सभी मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंप दिए हैं।
दमोह पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन में साइबर सेल द्वारा लगातार प्रयास कर गुम हुए मोबाइल फोन की तलाश की जा रही थी। आधुनिक तकनीक और साइबर संसाधनों की मदद से पुलिस ने कई गुमशुदा मोबाइलों को ट्रेस कर बरामद करने में सफलता हासिल की।
तकनीकी साक्ष्यों और संबंधित स्थानों पर पुलिस टीमों के समन्वित प्रयासों से इन मोबाइलों को बरामद किया गया। बरामद मोबाइलों में विभिन्न कंपनियों के हैंडसेट शामिल हैं।
दमोह पुलिस की इस पहल से 151 परिवारों के चेहरों पर मुस्कान लौट आई है। दिवाली के अवसर पर पुलिस का यह प्रयास लोगों के लिए किसी उपहार से कम नहीं है।
इस पूरी कार्रवाई में साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक अभिषेक पटेल सहित साइबर सेल की टीम तथा विभिन्न थानों के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

