मेघनगर में कटे होंठ-कटे तालु के 7 मरीज निःशुल्क ऑपरेशन के लिए कोटा रवाना | New India Times

रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी, ब्यूरो चीफ, झाबुआ (मप्र), NIT:

मेघनगर रोटरी क्लब अपना के तत्वावधान में द स्माइल ट्रेन इंडिया के सहयोग से रविवार को मेघनगर में कटे होंठ एवं कटे तालु से पीड़ित मरीजों के लिए निःशुल्क ऑपरेशन, जांच एवं परामर्श शिविर आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ रोटरी क्लब अपना मेघनगर के अध्यक्ष कमलेश गरवाल, पूर्व अध्यक्ष श्रीमती चंदनबाला शर्मा, महेन्द्र सोलंकी, कोटा से मेघनगर सेवा शिविर में पहुंचे चिकित्सक डॉ. विजय यादव एवं संस्थापक अध्यक्ष भरत मिस्त्री की उपस्थिति में पंडित हरिहर द्वारा भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर किया गया।

सेवा शिविर में कुल 13 मरीजों ने पहुंचकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से जांच एवं परामर्श प्राप्त किया। इनमें से 7 मरीजों को आवश्यक जांच के बाद निःशुल्क ऑपरेशन के लिए एंबुलेंस के माध्यम से राजस्थान के कोटा भेजा गया, जहां उनके ऑपरेशन मंगलवार तक किए जाएंगे।

वहीं, 3 मरीजों के परिवार फिलहाल ऑपरेशन के लिए तैयार नहीं हैं, जबकि 3 मरीजों को चिकित्सकीय कारणों से तत्काल ऑपरेशन के योग्य नहीं पाया गया।

इनमें बच्चों की कम उम्र, कम वजन तथा रक्त की कमी जैसी परिस्थितियां शामिल हैं। चिकित्सकीय स्थिति अनुकूल होने पर आगे आवश्यक उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

शिविर में मरीजों को निःशुल्क परामर्श, जांच एवं आवश्यक दवाइयों की सुविधा उपलब्ध कराई गई। साथ ही, पूर्व में कटे होंठ या कटे तालु का ऑपरेशन करा चुके ऐसे मरीजों की भी जांच की गई, जिनके ऑपरेशन में किसी प्रकार की कमी या समस्या रह गई है।

रोटरी क्लब अपना मेघनगर के संस्थापक अध्यक्ष एवं शिविर संयोजक रोटे. भरत मिस्त्री शर्मा ने बताया कि कटे होंठ एवं कटे तालु से पीड़ित जरूरतमंद मरीजों को अब इस सेवा के लिए किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।

उन्होंने कहा कि शिविर के बाद भी यदि इस प्रकार का कोई मरीज सामने आता है, तो रोटरी क्लब अपना मेघनगर के माध्यम से राजस्थान के कोटा में उसका निःशुल्क ऑपरेशन करवाने का सफल प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि अपने आसपास ऐसे किसी भी बच्चे अथवा व्यक्ति की जानकारी मिलने पर रोटरी क्लब से संपर्क करें, ताकि उसे समय पर उपचार उपलब्ध कराया जा सके।

शिविर में द स्माइल ट्रेन इंडिया के सहयोग से विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं प्रदान की गईं। रोटरी क्लब द्वारा मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए आवश्यक मार्गदर्शन और परिवहन की व्यवस्था भी की गई।

रोटरी क्लब अपना मेघनगर के अध्यक्ष रोटे. कमलेश गरवाल, उपाध्यक्ष रोटे. मांगीलाल नायक, सचिव रोटे. दीपक व्यास एवं शिविर संयोजक रोटे. भरत मिस्त्री शर्मा ने शिविर को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी चिकित्सकों, कार्यकर्ताओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

रोटरी क्लब का संदेश — “सेवा ही सच्ची मानवता है।”

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.