विधायक रामेश्वर शर्मा के विवादित बयान पर गरमाई सियासत, कांग्रेस ने विधानसभा सदस्यता रद्द करने की उठाई मांग | New India Times

जमशेद आलम, ब्यूरो चीफ, भोपाल (मप्र), NIT:

विधायक रामेश्वर शर्मा के विवादित बयान पर गरमाई सियासत, कांग्रेस ने विधानसभा सदस्यता रद्द करने की उठाई मांग | New India Times

राजधानी भोपाल के नरेला विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत निशातपुरा (करोंद) थाने में हुजूर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा द्वारा सार्वजनिक मंच से दिए गए कथित विवादित बयान को लेकर सियासत गरमा गई है। जिला कांग्रेस कमेटी, भोपाल के कार्यवाहक अध्यक्ष आसिफ ज़की के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस को ज्ञापन सौंपकर विधायक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

इस अवसर पर मोअज्जम गोल्डन, मुख्तार हसन, अन्नू भाई सहित बड़ी संख्या में स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ता और नागरिक मौजूद रहे।

यह है पूरा मामला

करोंद चौराहे पर आयोजित एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान विधायक रामेश्वर शर्मा ने मंच से संबोधन के दौरान कथित तौर पर कहा था, “करोंद से मिसाइल लगाओ और काजी कैंप पर गिराओ।”

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सार्वजनिक मंच से इस तरह की कथित भड़काऊ बयानबाजी सामाजिक एवं सांप्रदायिक सौहार्द को प्रभावित करने वाली है। उन्होंने विधायक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

ज्ञापन में उठाई गई प्रमुख मांगें

विधानसभा सदस्यता निरस्त करने की मांग: जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यवाहक अध्यक्ष आसिफ ज़की ने मांग की कि सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे को प्रभावित करने वाले कथित बयान के आधार पर विधायक रामेश्वर शर्मा की विधानसभा सदस्यता निरस्त करने की कार्रवाई की जाए तथा उन्हें अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए।

राष्ट्रपति तक मामला पहुंचाने की मांग: ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि मामले का संज्ञान लेकर इसे महामहिम राष्ट्रपति के समक्ष भेजा जाए, ताकि मामले में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.