मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

स्वच्छ भारत अभियान को गति देते हुए जुन्नारदेव जनपद पंचायत के अंतर्गत ग्राम पंचायत जमकुंडा में सार्वजनिक तालाब के आसपास व्यापक साफ-सफाई अभियान चलाया गया। स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने आपसी सहयोग की मिसाल पेश करते हुए श्रमदान किया और तालाब परिसर को कचरा मुक्त बनाया।
ग्रामीणों ने दिखाया जनसहयोग का जज्बा
अभियान के दौरान ग्रामीणों ने एकजुट होकर तालाब के किनारे उगी झाड़ियों, पॉलीथिन और अन्य कचरे की सफाई की। इस पहल का उद्देश्य जल स्रोतों को स्वच्छ एवं संरक्षित रखने के साथ-साथ ग्रामीणों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
तालाब में कचरा नहीं डालने की अपील
ग्राम पंचायत की ओर से नागरिकों से अपील की गई कि वे सार्वजनिक तालाब के आसपास गंदगी न फैलाएं और तालाब में किसी भी प्रकार का कूड़ा-करकट या प्लास्टिक न डालें। जल स्रोतों की स्वच्छता एवं संरक्षण हम सभी की साझा जिम्मेदारी है।
हर माह की 10 तारीख को होगा स्वच्छता अभियान
अभियान की सफलता को देखते हुए ग्राम पंचायत ने निर्णय लिया है कि अब प्रत्येक माह की 10 तारीख को नियमित रूप से स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य गांव को स्वच्छ, सुंदर और कचरा मुक्त बनाए रखना है।
इनकी रही विशेष उपस्थिति
श्रमदान अभियान में सरपंच ममता प्रकाश कुमरे के साथ दिलीप प्रजापति, गणेश यदुवंशी, गजानंद यदुवंशी, दीपेश यदुवंशी, लक्ष्मीप्रसाद यदुवंशी, अशोक नागवंशी, अनिकेत नागवंशी, गजेश यदुवंशी, अतरलाल धुर्वे, सुरेश यदुवंशी, बबीता इवनाती, ज्योति कुमरे और रोजगार सहायक विनोद खरे सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

