अवैध शराब-गांजा कारोबार के खिलाफ कांग्रेस का मोर्चा, 10 दिन में कार्रवाई नहीं तो आंदोलन की चेतावनी | New India Times

संदीप तिवारी, ब्यूरो चीफ, पन्ना (मप्र), NIT:

New India Times

नगर में कथित रूप से बढ़ रहे अवैध शराब, गांजा एवं नशीली दवाओं के कारोबार पर रोक लगाने की मांग को लेकर नगर कांग्रेस कमेटी ने मोर्चा खोल दिया है। नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष वसीम खान के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर पन्ना के नाम तहसीलदार अमानगंज को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन की प्रतिलिपि जिला आबकारी अधिकारी, पुलिस अधीक्षक पन्ना एवं थाना प्रभारी अमानगंज को भी दी गई।

अवैध शराब-गांजा कारोबार के खिलाफ कांग्रेस का मोर्चा, 10 दिन में कार्रवाई नहीं तो आंदोलन की चेतावनी | New India Times

ज्ञापन में कांग्रेस ने आरोप लगाया कि नगर में लाइसेंसी शराब दुकान संचालित होने के बावजूद पुल के पास मुर्गा मार्केट में दुकान के पीछे खिड़की के माध्यम से कथित रूप से अवैध शराब की बिक्री की जा रही है। वहीं, नगर के कई वार्डों में गांजा तथा कुछ मेडिकल दुकानों पर कथित रूप से नशीली दवाओं की बिक्री की शिकायत भी प्रशासन के समक्ष रखी गई।

कांग्रेस ने नगर के बीचों-बीच शिवालय के समीप संचालित शराब दुकान पर भी आपत्ति जताते हुए उसे नगर के बाहर स्थानांतरित करने की मांग की। ज्ञापन में अमानगंज से लगे गांवों में मोटरसाइकिलों के माध्यम से शराब पहुंचाए जाने तथा गांवों में कथित रूप से खुलेआम बिक्री किए जाने की शिकायतों का भी उल्लेख किया गया।

ज्ञापन सौंपने के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष वसीम खान ने प्रशासन और आबकारी विभाग पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “जब नगर में खुलेआम अवैध शराब की बिक्री की शिकायतें सामने आ रही हैं, तो आखिर यह किसकी शह पर हो रहा है? अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई?”

उन्होंने आबकारी विभाग और पुलिस प्रशासन से सवाल करते हुए कहा, “जिम्मेदार अधिकारी अब तक कार्रवाई क्यों नहीं कर पाए? क्या प्रशासन और अधिकारी सागर जिले के बंडा जैसे किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहे हैं?”

वसीम खान ने कहा कि नशे के कारोबार से जुड़ी शिकायतें गंभीर हैं और प्रशासन को तत्काल जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि नशे का बढ़ता कारोबार युवाओं और बच्चों के भविष्य पर प्रतिकूल असर डाल सकता है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 10 दिनों के भीतर ज्ञापन में उठाए गए मुद्दों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो नगर कांग्रेस कमेटी आमजन को साथ लेकर आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि आंदोलन की पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आमजन रहे मौजूद

ज्ञापन सौंपने के दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सौरभ दुबे, जिला महासचिव भूपेंद्र सिंह बुंदेला, संगठन प्रभारी पीयूष देव सिंह, वरिष्ठ कांग्रेस नेता वीरेंद्र खटीक, सजल ताम्रकार, संदीप तिवारी, प्रीति बागरी, अरुण लोधी, सुनील शर्मा, मुन्ना मिश्रा घटारी, अश्वनी भटनागर, प्रमोद कुमार वर्मा, शिवम सोनी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं आमजन मौजूद रहे।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.