फैज़ान खान, गुरुग्राम/नई दिल्ली, NIT:
भीमसेना और संविधान सुरक्षा पार्टी (एसएसपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सतपाल तंवर की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ा फैसला लिया है। ताजा समीक्षा के बाद उनकी ‘एक्स’ कैटेगरी की सुरक्षा बरकरार रखने और सुरक्षा में जवानों की तैनाती बढ़ाने के निर्देश रविवार (25 अक्टूबर) देर रात जारी किए गए।
टाइगर श्रॉफ पर हमले के बाद सक्रिय हुए तंवर
तंवर द्वारा हाल ही में दिए गए ‘लॉरी पिल्ला पालने’ संबंधी बयान के बाद सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई थी। इसे इस फैसले की प्रमुख वजह माना जा रहा है। मुंबई के जुहू में बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हमले के बाद सतपाल तंवर ने बयान जारी कर सलमान खान को अपना बड़ा भाई और टाइगर श्रॉफ को छोटा भाई बताया था। इसके बाद उन्हें धमकियां मिलने का सिलसिला शुरू हो गया, जो अब भी जारी है। लॉरेंस के एक अज्ञात गुर्गे के खिलाफ सेक्टर-37 थाने में मुकदमा भी दर्ज किया गया है। क्राइम ब्रांच आरोपी की तलाश कर रही है।
12 अक्टूबर को कम की गई थी सुरक्षा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत 12 अक्टूबर को हरियाणा पुलिस ने सतपाल तंवर की सुरक्षा में तैनात दो जवानों में से एक को वापस बुला लिया था। इस कटौती के बाद भीमसेना ने आरोप लगाया था कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और ईवीएम के खिलाफ तंवर के लगातार विरोध के चलते द्वेषवश यह कदम उठाया गया है।
सुरक्षा एजेंसियों की बढ़ी चिंता
हाल के दिनों में सतपाल तंवर के चर्चित बयान के बाद खुफिया और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं। मुंबई में सलमान खान, अक्षय कुमार, शाहरुख खान, दिशा पटानी, अमिताभ बच्चन और टाइगर श्रॉफ समेत कई फिल्मी हस्तियों की सुरक्षा भी बढ़ाई गई है। किसी अप्रिय घटना या संभावित खतरे को देखते हुए एजेंसियों ने सुरक्षा व्यवस्था की दोबारा समीक्षा की। इसके बाद देर रात तंवर की सुरक्षा बढ़ाने के आदेश दिए गए। उनके आने-जाने के संभावित ठिकानों और निवास स्थान के आसपास भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। स्थानीय पुलिस ने गश्त भी बढ़ा दी है।
जेड प्लस सुरक्षा की मांग पर अड़ी भीमसेना
सुरक्षा बढ़ाए जाने और ‘एक्स’ कैटेगरी बरकरार रखे जाने के बावजूद भीमसेना संतुष्ट नहीं है। संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि सतपाल तंवर की जान को गंभीर खतरा है। इसी कारण भीमसेना पिछले एक साल से उन्हें ‘जेड प्लस’ श्रेणी की सुरक्षा देने की मांग कर रही है।
सतपाल तंवर की सहयोगी शिवानी तंवर ने बताया कि उन्हें रोजाना धमकी भरे कॉल आ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय पुलिस की सुरक्षा सीमित स्थानों तक ही रहती है, जबकि सतपाल तंवर का उत्तर प्रदेश, दिल्ली और राजस्थान समेत विभिन्न राज्यों में लगातार दौरा जारी है। ऐसे में उन्हें जेड प्लस सुरक्षा प्रदान की जानी चाहिए।

