शमसुद्दोहा, ब्यूरो चीफ, गोरखपुर (यूपी), NIT:

राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद, गोरखपुर की आवश्यक बैठक बुधवार को लोक निर्माण विभाग परिसर स्थित डिप्लोमा इंजीनियरिंग संगठन कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक में आगामी 21 अगस्त को अटेवा पेंशन बचाओ मंच की ओर से पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर निकाली जाने वाली तिरंगा यात्रा को परिषद की ओर से पूर्ण समर्थन देने का निर्णय लिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए परिषद के अध्यक्ष रूपेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि पुरानी पेंशन की बहाली को लेकर अटेवा का अभियान कर्मचारियों के भविष्य और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण प्रयास है। परिषद तिरंगा यात्रा में सहभागिता कर इसे पूर्ण समर्थन देगी।
उन्होंने कहा, “बुढ़ापे में पेंशन ही कर्मचारी का एकमात्र पुत्र और सहारा है।” सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन कर्मचारी के जीवन का सबसे बड़ा आर्थिक सहारा होती है। इसके अभाव में सेवानिवृत्त कर्मचारियों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने सरकार से कर्मचारी हित में पुरानी पेंशन योजना तत्काल बहाल करने की मांग की।
परिषद के महामंत्री मदन मुरारी शुक्ला ने कहा कि कर्मचारी हित से जुड़े आंदोलनों में सभी संगठनों को एकजुट होकर सहयोग करना चाहिए। कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा के लिए संगठित संघर्ष ही प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी कर्मचारी संगठनों एवं कर्मचारियों से 21 अगस्त की तिरंगा यात्रा में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
बैठक की अध्यक्षता अशोक पांडेय ने की, जबकि संचालन पंडित श्याम नारायण शुक्ला ने किया। इस अवसर पर रूपेश कुमार श्रीवास्तव, अशोक पांडेय, श्याम नारायण शुक्ला, मदन मुरारी शुक्ला, अनूप कुमार, अनिल द्विवेदी, राजेश मिश्रा, इंजीनियर सौरभ श्रीवास्तव, सुभाष पांडेय, इजहार अली, संतोष कुमार सिंह, रामधनी पासवान, राजू कुमार सहित परिषद के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारी नेता मौजूद रहे।

