अहमद रज़ा, चुनार/मिर्ज़ापुर (यूपी), NIT:
मिर्जापुर के चुनार में साइबर ठगी का शिकार हुए एक व्यक्ति को पुलिस ने बड़ी राहत दिलाई है। फ्रिज रिपेयरिंग के नाम पर ठगे गए 48,999.99 रुपये साइबर सेल की सक्रिय कार्रवाई के बाद पीड़ित के बैंक खाते में वापस करा दिए गए। रकम वापस मिलने पर पीड़ित ने पुलिस टीम का आभार जताया।
पुलिस के अनुसार, चुनार थाना क्षेत्र के उस्मानपुर निवासी सूरजदेव पंडित ने 25 अप्रैल 2026 को एनसीआरपी पोर्टल पर साइबर ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि फ्रिज रिपेयरिंग के लिए उन्होंने गूगल पर कस्टमर केयर नंबर खोजकर कॉल किया था। बातचीत के दौरान ठगों ने उनसे यूपीआई के माध्यम से भुगतान करने की प्रक्रिया कराई। जैसे ही उन्होंने यूपीआई पिन दर्ज किया, उनके बैंक खाते से 48,999.99 रुपये कट गए।
शिकायत मिलने के बाद साइबर सेल ने मामले में कार्रवाई करते हुए ठगी की रकम को वापस कराने का प्रयास किया। पुलिस की कार्रवाई के बाद पूरी रकम पीड़ित के बैंक खाते में वापस आ गई। रकम वापस मिलने पर पीड़ित ने पुलिस और साइबर सेल की टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।

