शमसुद्दोहा, ब्यूरो चीफ, गोरखपुर (यूपी), NIT:

पीपीगंज में करोड़ों रुपये के सर्राफा ठगी प्रकरण में नया मोड़ सामने आया है। पुलिस ने नगर व्यापार मंडल के अध्यक्ष समेत तीन लोगों को रंगदारी मांगने, धमकी देने और जबरन वसूली के आरोप में गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से 8 लाख 50 हजार रुपये नकद तथा करीब 25 ग्राम सोना बरामद किया गया है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
यह मामला उस चर्चित सर्राफा ठगी प्रकरण से जुड़ा है, जिसमें मुंबई के स्वर्ण कारोबारी दादासाहेब हांके पर पीपीगंज, कैंपियरगंज और पनियरा क्षेत्र के सर्राफा कारोबारियों से करोड़ों रुपये के आभूषण लेकर फरार होने का आरोप है।
इसी प्रकरण में एक व्यापारी द्वारा जारी वीडियो में कुछ स्थानीय व्यापारियों पर सोना और नकदी की जबरन वसूली के आरोप लगाए गए थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई जारी है।

