मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

मध्यप्रदेश पुलिस एवं स्कूल शिक्षा विभाग के समन्वय तथा UNFPA के तकनीकी सहयोग से प्रदेशभर में संचालित “सृजन संवाद अभियान” का शुभारंभ बुधवार को बुरहानपुर जिले में किया गया।
अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों में विधिक जागरूकता, उत्तरदायी नागरिकता की भावना, सुरक्षा-बोध तथा न्याय तक पहुंच से संबंधित समझ विकसित करना और पुलिस तथा समुदाय के बीच विश्वास एवं संवाद को मजबूत करना है।
पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार तथा पुलिस अधीक्षक बुरहानपुर श्री आशुतोष बागरी के मार्गदर्शन में अभियान के तहत शासकीय सांदीपनि विद्यालय, शाहपुर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रदीप शेण्डे मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को संविधान में प्रदत्त अधिकारों एवं कर्तव्यों, कानूनों के पालन के महत्व तथा एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपनी भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रदीप शेण्डे ने कहा कि वर्तमान समय में केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि कानूनों की जानकारी भी प्रत्येक छात्र-छात्रा के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जागरूक विद्यार्थी ही सुरक्षित समाज और सशक्त राष्ट्र की नींव होते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से किसी भी प्रकार की आपराधिक, साइबर अथवा सामाजिक समस्या की जानकारी बिना किसी भय के पुलिस को देने तथा कानून का सम्मान करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को भारतीय संविधान, विभिन्न महत्वपूर्ण कानूनों, बाल अधिकार, जुवेनाइल जस्टिस (जे.जे.) एक्ट, पॉक्सो एक्ट, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, सड़क सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, नशीले पदार्थों के दुष्प्रभाव, महिला एवं बाल सुरक्षा सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों की सरल एवं व्यवहारिक जानकारी दी गई। विशेषज्ञ अधिकारियों ने उदाहरणों के माध्यम से विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया।
इस दौरान विद्यार्थियों को सड़क पर सुरक्षित व्यवहार अपनाने, यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के महत्व, साइबर अपराधों से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन धोखाधड़ी से सतर्क रहने तथा नशीले पदार्थों से दूर रहने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में थाना प्रभारी शाहपुर निरीक्षक अखिलेश मिश्रा, महिला थाना प्रभारी श्रीमती जानू जायसवाल, यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश बारवाल, रक्षित निरीक्षक नागेंद्र सिंह ठाकुर सहित विद्यालय के समस्त शिक्षकगण एवं स्टाफ उपस्थित रहे। अधिकारियों ने विद्यार्थियों के साथ संवाद स्थापित कर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया तथा बताया कि भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे।

