मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

जिले में मई 2026 से पदस्थ पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में पुलिस विभाग द्वारा कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों पर अंकुश लगाने तथा आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की वैश्य महासम्मेलन मध्यप्रदेश, जिला इकाई बुरहानपुर ने सराहना की है।
संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि पुलिस प्रशासन की सक्रियता, आधुनिक तकनीक के उपयोग तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय के चलते जिले में शांति और सुरक्षा का वातावरण बनाए रखने में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। विशेष रूप से त्योहारों के दौरान बेहतर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास सराहनीय रहे हैं।
इसी क्रम में वैश्य महासम्मेलन के पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप शेंडे से सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर दोनों अधिकारियों का शाल, श्रीफल एवं पुष्पहार भेंटकर सम्मान किया गया।
सम्मान समारोह में वैश्य महासम्मेलन मध्यप्रदेश की जिला इकाई बुरहानपुर के जिलाध्यक्ष सतीश अग्रवाल, वरिष्ठ समाजसेवी एवं आजीवन सदस्य महेंद्र जैन, जिला महामंत्री रामकुमार अग्रवाल, कोषाध्यक्ष सुयश माहेश्वरी तथा वैश्य युवा इकाई के अध्यक्ष अपील अग्रवाल उपस्थित रहे।
इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी जिले में इसी तरह शांति, सौहार्द और सुरक्षा का वातावरण बना रहेगा। उन्होंने कहा कि किसी भी जिले की प्रगति के लिए शांति एवं सुरक्षा का माहौल अत्यंत आवश्यक है। जब नागरिक भयमुक्त होकर अपने व्यापार, सामाजिक गतिविधियों और त्योहारों का आयोजन कर पाते हैं, तभी विकास के नए रास्ते खुलते हैं। शांति को सुख एवं समृद्धि का आधार माना गया है।
अंत में वैश्य महासम्मेलन मध्यप्रदेश, जिला इकाई बुरहानपुर की ओर से जिले के समस्त नागरिकों एवं जिला प्रशासन को अग्रिम शुभकामनाएं दी गईं। उक्त जानकारी संगठन के कोषाध्यक्ष सीए सुयश माहेश्वरी ने दी।

