मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:
पुलिस चौकी अंबाड़ा अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-02 में अज्ञात चोरों द्वारा चोरी की वारदात को अंजाम देने का मामला सामने आया है। चोर केंद्र का ताला तोड़कर वहां से सैमसंग कंपनी का एलईडी टीवी, उसका रिमोट और पानी का टुल्लू पंप चोरी कर ले गए।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी प्रभा सरसाम (46 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक-06, अंबाड़ा, जो आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-02 में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के पद पर पदस्थ हैं, ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 1 अगस्त 2026 की शाम करीब 4 बजे वह अपनी सहायिका हमीदा खान के साथ केंद्र में ताला लगाकर घर चली गई थीं।
सोमवार, 3 अगस्त 2026 की सुबह करीब 9 बजे जब वह केंद्र पहुंचीं, तो चैनल गेट का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर निरीक्षण करने पर शासकीय सैमसंग कंपनी का एलईडी टीवी (क्रमांक 6ZAM39BY400094), जिसकी अनुमानित कीमत ₹15,000 है, उसका रिमोट तथा LOTEC कंपनी का टुल्लू पंप, जिसकी कीमत लगभग ₹5,000 है, गायब मिले। इस प्रकार अज्ञात चोर करीब ₹20,000 मूल्य का सामान चोरी कर ले गए।
घटना की सूचना तत्काल परियोजना अधिकारी मोनिका उइके को मोबाइल पर दी गई। इसके बाद अंबाड़ा चौकी (थाना जुन्नारदेव) में शिकायत दर्ज कराई गई। अंबाड़ा चौकी के सहायक उपनिरीक्षक लेखराम धुर्वे ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) एवं 305(ए) के तहत अपराध क्रमांक 299/2026 दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

