रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी/पंकज बड़ोला, झाबुआ (मप्र), NIT:
दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस ने शानदार जीत दर्ज करते हुए भाजपा को लगातार दूसरी बार पराजित किया। कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने भाजपा के आशुतोष तिवारी को 6,056 मतों से हराया। इस जीत पर झाबुआ और अलीराजपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर, मिठाई बांटी और एक-दूसरे को बधाई देकर खुशी का इजहार किया।

उपचुनाव में पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के पोलिंग बूथ क्रमांक 121 पर भी भाजपा को हार का सामना करना पड़ा। इस बूथ पर कांग्रेस को 291 जबकि भाजपा को 264 मत प्राप्त हुए।

मतगणना के बाद भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने कहा कि हार के कारणों की समीक्षा की जाएगी। वहीं, विजयी कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने कहा कि भीतरघात का चुनाव परिणाम पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ा। जीत के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मेलोडी टॉफी और मिठाई खिलाकर एक-दूसरे को बधाई दी तथा जीत का जश्न मनाया।

आखिरी दौर में घटा जीत का अंतर
मतगणना के नौवें राउंड तक कांग्रेस की बढ़त 9,519 वोटों तक पहुंच गई थी। वहीं, 14वें राउंड में कांग्रेस को 6,614 और भाजपा को 3,100 वोट मिले, जिसके बाद बढ़त 7,459 वोट रही। अंतिम दौर की मतगणना में यह अंतर कुछ कम हुआ और अंततः कांग्रेस ने 6,056 वोटों से जीत दर्ज की।

