राकेश यादव, ब्यूरो चीफ, सागर (मप्र), NIT:
सागर के मोतीनगर थाना क्षेत्र में हुए मयंक साहू हत्याकांड के फरार आरोपी ओम अहिरवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। रविवार को पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया।

पुलिस के अनुसार, 21 मई की रात पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने मयंक साहू की गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित सात आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था, जबकि ओम अहिरवार घटना के बाद से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
हाल ही में पुलिस को आरोपी के सागर आने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने मुंड़ी टौरी के पास पहाड़ी क्षेत्र में घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। भागने की कोशिश के दौरान आरोपी गिर गया, जिससे उसके पैर में चोट लग गई।
थाने लाकर पूछताछ में आरोपी ने बताया कि फरारी के दौरान वह आंध्र प्रदेश के तिरुपति, उत्तर प्रदेश के मथुरा-वृंदावन, इंदौर, दिल्ली समेत कई स्थानों पर छिपकर रहा। इस दौरान वह मंदिरों में मिलने वाले भंडारे और लंगर का भोजन कर अपना गुजारा करता था।
आरोपी ने यह भी बताया कि पैसों की जरूरत पड़ने पर वह सुरक्षा गार्डों को लालच देकर उनके बैंक खातों में अपने परिजनों से रुपये जमा करवाता था, ताकि उसकी पहचान उजागर न हो सके।
पुलिस ने बताया कि आरोपी की लोकेशन ओडिशा में भी मिली थी, जहां दबिश दी गई थी, लेकिन वह पुलिस के पहुंचने से पहले ही फरार हो गया था।
मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत ने बताया कि हत्या के मामले में फरार आरोपी ओम अहिरवार को गिरफ्तार कर लिया गया है। पैसे खत्म होने के कारण वह सागर लौटा था, जहां पुलिस ने उसे दबोच लिया। आरोपी के खिलाफ पहले से करीब 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में भी फरार चल रहा था। पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश कर दिया गया।

