शरीफ़ अहमद खान, ब्यूरो चीफ, सोनभद्र (यूपी), NIT:

थाना करमा क्षेत्र में दुकान पर दबंगई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन भी सीज कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 30 जुलाई 2026 को ग्राम पगिया में एक दुकान पर कथित गुंडई का वीडियो वायरल होने की सूचना मिली थी। जांच के बाद पुलिस ने विशाल सिंह उर्फ विपुल सिंह, निवासी पटैला, थाना करमा को शांति व्यवस्था भंग करने एवं संज्ञेय अपराध की रोकथाम के तहत बीएनएसएस की धारा 170/126/135 में गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के कब्जे से प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन संख्या UP64AW8906 को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर थाना परिसर में खड़ा कराया गया है। आरोपी को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश, अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी घोरावल राजेश कुमार राय के निर्देशन में की गई।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सूर्यभान, हेड कांस्टेबल संदीप सिंह व कांस्टेबल मोहित द्विवेदी शामिल रहे।
