राकेश यादव, ब्यूरो चीफ, सागर (मप्र), NIT:

सागर जिले की 25 वर्षीय चंचल आठिया ने प्रतिष्ठित सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (SRFTI) की प्रवेश परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक (AIR) 2 हासिल कर इतिहास रच दिया है। इस उपलब्धि से उन्होंने न केवल सागर, बल्कि पूरे मध्य प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।
साधारण किसान परिवार से आने वाली चंचल ने सीमित संसाधनों के बावजूद अपनी मेहनत, लगन और अभिनय के प्रति समर्पण से यह मुकाम हासिल किया। उनकी इस सफलता के साथ ही चयन मध्य प्रदेश स्कूल ऑफ ड्रामा (MPSD) और फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (FTII) में भी हुआ है, जहां वह अभिनय में मास्टर्स की पढ़ाई करेंगी।
चंचल ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सरकारी स्कूल से प्राप्त की और डॉ. हरिसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय, सागर से स्नातक किया। बचपन से ही अभिनय के प्रति रुचि रखने वाली चंचल ने कक्षा 11वीं में ही तय कर लिया था कि वह रंगमंच को ही अपना करियर बनाएंगी। पिछले छह वर्षों से वह लगातार थिएटर से जुड़ी हैं और देश के विभिन्न राज्यों में नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुकी हैं।

आर्थिक चुनौतियों के बावजूद चंचल ने कभी हार नहीं मानी और थिएटर को ही अपना पेशा बनाकर आगे बढ़ती रहीं। परिवार में पांच बहनें और एक भाई हैं, जिनमें उनके पिता किसान हैं। परिवार के सहयोग और अपने आत्मविश्वास के दम पर उन्होंने यह सफलता अर्जित की।
चंचल का सपना एक सफल अभिनेत्री बनने के साथ-साथ सागर में एक थिएटर अकादमी स्थापित करना है, जहां खासकर बेटियों को अभिनय का प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर मिल सकें।
गौरतलब है कि सागर की धरती से पहले भी मुकेश तिवारी, गोविंद नामदेव और आशुतोष राणा जैसे कलाकार निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुके हैं। अब चंचल आठिया ने अपनी उपलब्धि से इस परंपरा को आगे बढ़ाया है।
चंचल की इस सफलता पर पूरे जिले में खुशी का माहौल है। परिवार, गुरुजनों और रंगकर्मियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। उनकी उपलब्धि छोटे शहरों के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है।

