मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

ग्राम पंचायत कोल्हिया में पेट्रोल पंप के सामने बिजली विभाग की लापरवाही के चलते बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्थानीय निवासी अनिल चौरासे के मकान के ठीक ऊपर से 11 केवी की हाईटेंशन विद्युत लाइन गुजर रही है। इस लाइन के बेहद करीब बड़े-बड़े पेड़ और घनी झाड़ियां मौजूद हैं, जो बिजली के तारों से टकरा रही हैं।
खतरे के साए में परिवार
पीड़ित अनिल चौरासे ने बताया कि जब भी थोड़ी-सी हवा चलती है, तो झाड़ियां 11 केवी की विद्युत लाइन से टकराने लगती हैं। तारों और झाड़ियों के संपर्क में आने से तेज चिंगारियां निकलती हैं, जो सीधे घर के ऊपर गिरती हैं। इससे घर में आग लगने और जान-माल के नुकसान का खतरा बना रहता है। परिवार के लोग हर समय किसी अनहोनी की आशंका के बीच रहने को मजबूर हैं। ऐसे में बिजली विभाग को जल्द से जल्द पेड़ों और झाड़ियों की छंटाई कराकर संभावित हादसे को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने चाहिए।

