वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:

सरकार द्वारा स्वच्छता अभियान पर करोड़ों रुपये खर्च किए जाने के बावजूद जमीनी स्तर पर हालात बदतर नज़र आ रहे हैं। खीरी जनपद के पसगवां विकास खंड अंतर्गत बरवर स्वास्थ्य केंद्र में चारों ओर गंदगी फैली हुई है और शौचालय तक जाने वाला रास्ता झाड़ियां व ऊंची घास से पूरी तरह ढका हुआ है, जिससे मरीजों व तीमारदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, स्वास्थ्य केंद्र परिसर में लंबे समय से साफ-सफाई नहीं कराई गई है। शौचालय तक पहुंचने के रास्ते पर उगी झाड़ियों के कारण संक्रामक बीमारियों और जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा बना हुआ है, जिससे मरीजों की सेहत पर गंभीर असर पड़ सकता है।
मामले की पड़ताल के लिए पहुंचे पत्रकारों ने जब वहां की बदहाल व्यवस्था को कैमरे में कैद किया और मौके पर मौजूद फार्मासिस्ट से सफाई व्यवस्था को लेकर सवाल किए, तो उन्होंने जवाब देने के बजाय पत्रकार से अभद्रता करते हुए वहां से जाने को कहा। जिम्मेदार कर्मचारी का यह रवैया स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खोलता नजर आया।
वहीं, पूरे मामले में पसगवां स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. अश्वनी वर्मा से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि अधीक्षक लंबे समय से तैनात हैं और क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह लापरवाही की भेंट चढ़ चुकी हैं।
स्थानीय नागरिकों ने उच्च अधिकारियों से मामले की जांच कर दोषी कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाएं सुधारी जा सकें।

