विवेक जैन, ब्यूरो चीफ, बागपत (यूपी), NIT:

अग्रवाल मंडी टटीरी स्थित श्री शनि धाम खाटू श्याम मंदिर में शनिवार को भव्य श्री श्याम कीर्तन एवं भजन संध्या का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में प्रसिद्ध भजन गायिका पूजा अरोड़ा (गाजियाबाद) ने बाबा श्याम के मनमोहक भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को देर रात तक भक्ति रस में सराबोर रखा।
पूरे मंदिर परिसर में “हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा” और “जय श्री श्याम” के जयघोष गूंजते रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित अनिल शास्त्री ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर किया, जिसके पश्चात बाबा श्याम का भव्य श्रृंगार और आरती संपन्न हुई।
श्रद्धालुओं ने बाबा के दरबार में मत्था टेककर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। आयोजन को सफल बनाने में मंदिर समिति के अध्यक्ष प्रवीण गोयल, सचिव अंकुर पंडित, उपाध्यक्ष विनोद गोयल, कोषाध्यक्ष नितिन मानव सहित सभी सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में राजीव गोयल, कोमल गोयल, राहुल गोयल, मयूरी गोयल, हर्षित गोयल, सताक्षी गोयल, रोबिन गोयल, समाजसेवी संजीव शर्मा, महेश गोयल, विपुल जैन सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे। अंत में आयोजक राजीव गोयल (सभासद) एवं कोमल गोयल ने सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।

