सुरक्षित बचपन अभियान के तहत स्कूली विद्यार्थियों को किया जागरूक, पॉक्सो एक्ट और गुड टच-बैड टच की दी जानकारी | New India Times

मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

बच्चों की सुरक्षा, संरक्षण और अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर द्वारा प्रदेशभर में ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ संचालित किया जा रहा है। इसी कड़ी में जिले के गायत्री गुरुकुल आश्रम में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को राज्य प्राधिकरण द्वारा निर्देशित कार्यक्रम का लाइव प्रसारण दिखाया गया, जिसके माध्यम से बच्चों को उनकी सुरक्षा और संरक्षण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।

उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर द्वारा 1 नवंबर को इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय, अमरकंटक से ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ का शुभारंभ किया गया। यह अभियान 6 नवंबर तक संचालित किया जाएगा।

अभियान के दूसरे दिन गणेश उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, महाजनापेठ एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, लोनी में भी विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में विद्यार्थियों को पॉक्सो एक्ट, नालसा शिक्षा योजना, बाल-अनुकूल विधिक सेवाओं तथा गुड टच और बैड टच जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।

बच्चों को बताया गया कि किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि या असुरक्षित व्यवहार का सामना करने पर उन्हें चुप नहीं रहना चाहिए, बल्कि जागरूकता दिखाते हुए अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा संबंधित जिम्मेदार व्यक्तियों को इसकी जानकारी देनी चाहिए।

कार्यक्रम में जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री निलेश कुमार जिरेती, जिला विधिक सहायता अधिकारी सुश्री अनुपमा मुजाल्दे सहित अन्य लोगों ने सहभागिता की।

अभियान के माध्यम से बच्चों को उनके अधिकारों, कानूनी संरक्षण और सुरक्षित वातावरण के महत्व से परिचित कराने के साथ ही उन्हें किसी भी अप्रिय स्थिति में उचित सहायता प्राप्त करने के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.