स्थानीय व्यापार को प्रोत्साहन देने की अभिनव पहल | New India Times

रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी/पंकज बड़ोला, झाबुआ (मप्र), NIT:

विश्वपूज्य दादा गुरुदेव श्रीमद् विजय राजेन्द्र सूरीश्वरजी म.सा., परिषद् के संस्थापक आचार्य श्रीमद् विजय यतीन्द्र सूरीश्वरजी म.सा. एवं पुण्यसम्राट गुरुदेव श्रीमद् विजय जयंतसेन सूरीश्वरजी म.सा. के पावन आशीर्वाद तथा पूज्य गच्छाधिपति आचार्य श्रीमद् विजय नित्यसेन सूरीश्वरजी म.सा. एवं आचार्य श्रीमद् विजय जयरत्न सूरीश्वरजी म.सा. के मंगल आशीर्वाद से अखिल भारतीय श्री राजेन्द्र जैन नवयुवक परिषद् की मध्यप्रदेश इकाई द्वारा स्थानीय व्यापार, स्वरोजगार एवं आर्थिक आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ‘अपनों से अपनों तक’ अभियान का शुभारंभ किया गया है।

परिषद् के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश तलावत की अनुशंसा एवं मार्गदर्शन में तथा प्रदेश संगठन प्रभारी रमेश धाड़ीवाल, प्रदेश अध्यक्ष रजत मनोहर कावड़िया एवं प्रदेश महामंत्री सिद्धार्थ तलेसरा के नेतृत्व में प्रारंभ किए गए इस अभियान का उद्देश्य स्थानीय व्यापारियों, लघु उद्यमियों एवं सेवा प्रदाताओं के साथ परिषद् के सदस्यों तथा श्रीसंघ से जुड़े व्यवसायियों के बीच परस्पर व्यापारिक सहयोग को बढ़ावा देना है।

आर्थिक विकास एवं परस्पर सहयोग का संकल्प

परिषद् के प्रदेश पदाधिकारियों ने बताया कि परिषद् के चार प्रमुख उद्देश्यों में आर्थिक विकास भी एक महत्वपूर्ण उद्देश्य है। इसी उद्देश्य को साकार करने के लिए यह अभिनव पहल की गई है। अभियान के माध्यम से स्थानीय उत्पादों एवं सेवाओं को प्रोत्साहन देने, व्यापारिक संपर्क बढ़ाने तथा एक-दूसरे की आर्थिक प्रगति में सहभागी बनने की भावना विकसित की जाएगी।

त्योहारों एवं मांगलिक आयोजनों में स्थानीय व्यापार को दें प्राथमिकता

परिषद् ने समस्त पदाधिकारियों, शाखाओं, कार्यकर्ताओं एवं समाजजनों से आह्वान किया है कि दीपावली सहित विभिन्न त्योहारों, विवाह समारोहों एवं अन्य मांगलिक आयोजनों में आवश्यक वस्तुओं, उपहार सामग्री तथा सेवाओं की खरीदारी करते समय स्थानीय व्यापारियों के साथ-साथ परिषद् के सदस्यों एवं श्रीसंघ से जुड़े व्यवसायियों को भी यथासंभव प्राथमिकता दें।

साथ ही उनके उत्पादों एवं सेवाओं का प्रचार-प्रसार कर उन्हें नए व्यावसायिक अवसर उपलब्ध कराने में सहयोग करें। इससे छोटे व्यवसायियों को प्रोत्साहन मिलेगा, रोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

प्रदेश नेतृत्व ने की सहभागिता की अपील

प्रदेश संगठन प्रभारी रमेश धाड़ीवाल, प्रदेश अध्यक्ष रजत मनोहर कावड़िया एवं प्रदेश महामंत्री सिद्धार्थ तलेसरा ने संयुक्त रूप से प्रदेश की समस्त शाखाओं, परिषद् के सदस्यों एवं श्रीसंघ के सदस्यों से इस अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की।

उन्होंने कहा कि, “स्थानीय व्यापार को अवसर, अपनों की मेहनत को सम्मान और एक-दूसरे की प्रगति में सहभागिता—यही ‘अपनों से अपनों तक’ अभियान की मूल भावना है।”

परिषद् ने विश्वास व्यक्त किया कि स्थानीय व्यापारियों, परिषद् के सदस्यों एवं श्रीसंघ के सदस्यों के सामूहिक सहयोग से यह अभियान आर्थिक आत्मनिर्भरता, परस्पर विश्वास एवं सामाजिक समृद्धि की दिशा में एक सार्थक पहल सिद्ध होगा।

उक्त जानकारी अखिल भारतीय श्री राजेन्द्र जैन नवयुवक परिषद्, मध्यप्रदेश के मीडिया प्रभारी मनीष कुमट एवं सचिन भंडारी द्वारा प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी गई।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.