राकेश यादव, ब्यूरो चीफ, सागर (मप्र), NIT:

विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन ने स्कूली वाहनों के विरुद्ध सघन चेकिंग अभियान चलाया। कलेक्टर के निर्देश पर गठित दो जांच दलों ने गढ़पहरा, देवरी एवं शहरी क्षेत्रों में कुल 27 स्कूली व अन्य वाहनों की जांच की, जिसमें कई अनियमितताएं सामने आईं।
देवरी क्षेत्र में एक ओमनी वाहन (MP49BB1464) में एलपीजी गैस किट लगी मिली, हालांकि उसका कनेक्शन निकला हुआ था। भविष्य में उपयोग रोकने हेतु गैस किट जब्त की गई। वहीं दूसरी ओमनी वैन (MP09V7389) सवारियां ले जाते पकड़ी गई, जिसका बीमा अवैध था और पंजीयन भी छह वर्ष पूर्व समाप्त हो चुका था।

जांच के दौरान एक स्कूल बस (MP11P0391) बिना फिटनेस प्रमाणपत्र के पारस स्कूल के बच्चों को ले जाते पाई गई, जबकि एक टाटा मैजिक (MP15T2981) बिना बीमा व फिटनेस के संचालित हो रही थी। इन तीनों वाहनों को जब्त कर कार्यालय परिसर में सुरक्षित रखा गया है।
अभियान के दौरान अधिकांश स्कूल बसें नियमों के अनुसार संचालित पाई गईं, जिससे चेकिंग का प्रभाव स्पष्ट नजर आया। हालांकि कुछ वाहन चालकों ने जांच से बचने के लिए मार्ग बदलने का प्रयास भी किया, जिन्हें टीम ने पकड़कर जांच दायरे में लिया।
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ने सभी स्कूल प्रबंधन व अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को केवल सुरक्षित व मानक अनुसार संचालित वाहनों से ही भेजें। साथ ही बस संचालकों को सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए स्पीड गवर्नर, फिटनेस, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र, फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशमन यंत्र व वैध लाइसेंस सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

