पंकज शर्मा, ब्यूरो चीफ, धार (मप्र), NIT:

पीथमपुर के सेक्टर-1 थाना क्षेत्र में लगातार हो रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है, जबकि दो विधि-विरुद्ध बालकों को अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से 6 चोरी की मोटरसाइकिलें (अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये) बरामद की गई हैं।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी ओ.पी. अहीर के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर करीब 140 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का विश्लेषण किया। लगातार तलाश के बाद आरोपी सुनील पिता भुरालाल डाबर (27), निवासी ग्राम पांचरिया, थाना बड़गौदा, जिला इंदौर को नूतन नगर, पीथमपुर से गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने सेक्टर-1 सहित अन्य थाना क्षेत्रों में वाहन चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया। उसने बताया कि वह अपने साथियों के साथ दिन-रात क्षेत्र की रेकी कर सुनसान स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी करता था। उसकी निशानदेही पर 6 बाइक बरामद की गईं। पुलिस अन्य मामलों में भी आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
कार्रवाई में उनि के.के. परिहार, स.उ.नि. नितिन पाटील सहित पुलिस टीम के अन्य जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

