तेज़ रफ्तार बाइक की टक्कर से दो बुजुर्ग महिलाएं गंभीर घायल, इलाज का खर्च देने से मुकरने का आरोप | New India TimesOplus_131072

वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:

तेज़ रफ्तार बाइक की टक्कर से दो बुजुर्ग महिलाएं गंभीर घायल, इलाज का खर्च देने से मुकरने का आरोप | New India Times

फूलबेहड़ थाना क्षेत्र के सैदीपुर खुर्द गांव में 21 अक्टूबर की शाम करीब 6:15 बजे तेज रफ्तार अपाचे बाइक की टक्कर से दो बुजुर्ग महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे में 70 वर्षीय लौंगादेवी का दाहिना हाथ दो जगह से टूट गया और दोनों पैरों के टखनों में गंभीर चोटें आईं। वहीं, 60 वर्षीय रामश्री का बायां पैर टूट गया और सिर में भी गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ित परिवार का आरोप है कि बाइक चालक और उसके पिता द्वारा इलाज का पूरा खर्च उठाने का आश्वासन देने के बाद अब वे अपने वादे से मुकर रहे हैं। आर्थिक तंगी के चलते दोनों महिलाओं के आगे के इलाज पर संकट मंडरा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोपालापुर की ओर से आ रही अपाचे बाइक संख्या यूपी 31 सीयू 0738 ने पैदल जा रही दोनों महिलाओं को जोरदार टक्कर मार दी। आरोप है कि बाइक चालक नितेश राजभर पुत्र नागेंद्र, निवासी कुशमौरी, बाइक पर तीन लोगों को बैठाकर लापरवाही से चला रहा था। हादसे के बाद परिजनों ने बाइक को मौके पर ही रुकवा लिया। ग्राम प्रधानों की मौजूदगी में बाइक चालक और उसके पिता ने दोनों घायलों के इलाज का पूरा खर्च उठाने का आश्वासन दिया था। इसी भरोसे पर परिजन घायलों को पहले जिला अस्पताल ओयल ले गए। हालत बिगड़ने पर उन्हें रामापुर रोड स्थित अमृत हॉस्पिटल एंड ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया।

परिजनों के मुताबिक, लौंगादेवी के अब तक दो ऑपरेशन हो चुके हैं, जबकि दो ऑपरेशन अभी बाकी हैं। अस्पताल प्रबंधन द्वारा 80 हजार रुपये जमा कराने की मांग की जा रही है। दूसरी घायल रामश्री के इलाज पर भी 50 हजार रुपये से अधिक खर्च हो चुके हैं। डॉक्टरों द्वारा उन्हें एक-दो दिन में डिस्चार्ज किए जाने की बात कही जा रही है, लेकिन परिवार के पास आगे के इलाज, ऑपरेशन और दवाओं के लिए पर्याप्त धनराशि नहीं है। ऐसे में दोनों बुजुर्ग महिलाओं के उपचार को लेकर परिजन परेशान हैं।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि इलाज का खर्च देने का वादा करने के बाद अब बाइक चालक और उसके पिता भुगतान करने से इनकार कर रहे हैं। परिवार ने जातिसूचक गालियां देने और धमकी देकर प्रताड़ित करने का भी आरोप लगाया है। आरोप है कि बाइक छुड़ाने और मामले को दबाने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। पीड़ित पक्ष का यह भी कहना है कि आरोपी सुंदरवल चौकी के एक सिपाही को लेकर उनके घर पहुंचा था।

परिवार के अनुसार, मामले में ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई गई है, जिसकी संदर्भ संख्या 40015326059014 है। इसके अलावा सोशल मीडिया पर ट्वीट के माध्यम से खीरी पुलिस को भी शिकायत से अवगत कराया गया है। पीड़ित पक्ष का दावा है कि मामले की जांच फूलबेहड़ थाना प्रभारी के पास लंबित है। समाचार पत्रों में खबर प्रकाशित होने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से परिवार निराश है।
अब पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। परिजनों की मांग है कि आरोपी को थाने बुलाकर दोनों महिलाओं के इलाज का पूरा खर्च दिलाया जाए। यदि आरोपी खर्च देने से इनकार करता है, तो उसके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाए। परिवार का कहना है कि आर्थिक अभाव के कारण दोनों घायल महिलाओं का इलाज प्रभावित नहीं होना चाहिए और उन्हें जल्द न्याय मिलना चाहिए।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.