हनीफ खान, ब्यूरो चीफ, मिर्ज़ापुर (यूपी), NIT:

विकासखंड राजगढ़ अंतर्गत लूसा रेलवे स्टेशन पर बहुप्रतीक्षित मुरी एक्सप्रेस के ठहराव का शुभारंभ हो गया। मिर्जापुर की सांसद एवं केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल के प्रयासों से यह सुविधा क्षेत्रवासियों को मिली है, जिससे स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
ट्रेन के प्रथम ठहराव के अवसर पर अपना दल (एस) के डॉ. एस.पी. पटेल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। ट्रेन के स्टेशन पर पहुंचते ही लोगों ने स्वागत किया और हरी झंडी दिखाकर उसे रवाना किया।

स्थानीय नागरिकों ने इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि इस ठहराव से राजगढ़ सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। शिक्षा, रोजगार और व्यापार के लिए अन्य शहरों की यात्रा अब पहले से अधिक आसान होगी।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने बताया कि लूसा रेलवे स्टेशन पर प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग लंबे समय से की जा रही थी, जिसे अब पूरा कर लिया गया है। इस उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों ने सांसद अनुप्रिया पटेल के प्रति आभार व्यक्त किया।

