राकेश यादव, ब्यूरो चीफ, सागर (मप्र), NIT:
देवरी विकासखंड की ग्राम पंचायत झुनकू में नल-जल योजना का सफल संचालन पिछले चार वर्षों से लगातार जारी है। विकासखंड की लगभग 70 पंचायतों में यह एकमात्र पंचायत है, जहां योजना पूरी तरह प्रभावी ढंग से संचालित हो रही है। सरपंच और सचिव के प्रयासों से गांव में नियमित जल आपूर्ति सुनिश्चित की गई है, जिससे ग्रामीणों को पानी की समस्या से राहत मिली है।
ग्रामवासियों के सहयोग और समय पर जलकर भुगतान के कारण भीषण गर्मी के दौरान भी पानी की कमी नहीं होने दी गई। सरपंच महेश पटेल के अनुसार, करीब 80 प्रतिशत उपभोक्ता समय पर भुगतान करते हैं, जिससे व्यवस्था सुचारू बनी रहती है।

हालांकि अब इस योजना के सामने अतिक्रमण बड़ी बाधा बनकर उभर रहा है। जल टंकी के पास स्थित खसरा नंबर 321 की शासकीय भूमि पर बड़े पैमाने पर अतिक्रमण कर पक्के मकान बना लिए गए हैं, वहीं कुछ स्थानों पर लगाए गए पेड़ों की जड़ें पाइपलाइन को नुकसान पहुंचा रही हैं। इसके कारण पाइपलाइन बार-बार फूट रही है और हजारों लीटर पानी सड़कों पर बहकर व्यर्थ हो रहा है।
पाइपलाइन की मरम्मत और बदलाव के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिल रही है। सरपंच ने बताया कि यदि अतिक्रमण हटाया जाए तो पाइपलाइन को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया जा सकता है, जिससे जल आपूर्ति पहले की तरह सुचारू रूप से जारी रह सकेगी।
इस संबंध में राजस्व और जनपद पंचायत के अधिकारियों को लिखित सूचना दी जा चुकी है, लेकिन अब तक अतिक्रमण हटाने की कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ग्राम पंचायत और ग्रामीणों ने संबंधित विभागों से शीघ्र अतिक्रमण हटाने और योजना को सुरक्षित रखने की मांग की है।

